एजेंसी, नई दिल्ली। Weather Forecast 27 February: फरवरी जाते-जाते मौसम ने अपना असली इरादा दिखा दिया है। सुबह हल्की ठंड और धुंध, दोपहर में चुभती धूप और तेजी से चढ़ता पारा। 27 फरवरी 2026 का ताजा अपडेट बताता है कि उत्तर भारत में गर्मी की दस्तक साफ सुनाई देने लगी है, जबकि कुछ राज्यों में कोहरे और पश्चिमी विक्षोभ का असर भी दिखेगा।
कहीं येलो अलर्ट है तो कहीं तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर जाने का अनुमान। पहाड़ों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। आइए जानते हैं आज का विस्तृत मौसम हाल।
दिल्ली में बढ़ने लगी गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम साफ रहेगा। सुबह हल्की धुंध देखी जा सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलेगी। न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री और अधिकतम 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दिन में गर्मी का एहसास बढ़ेगा।
यूपी और बिहार में शुष्क मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार में 27 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा। किसी तरह की बारिश या आंधी की चेतावनी नहीं है। तापमान धीरे-धीरे ऊपर जा रहा है, जिससे सर्दी लगभग खत्म होती दिख रही है।
पंजाब में कोहरे का अलर्ट
पंजाब के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विजिबिलिटी कम रहने से वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और मध्य भारत में चढ़ेगा पारा
राजस्थान में तापमान लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में शुष्क मौसम रहेगा। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर जा सकता है।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 2 से 4 मार्च के बीच फिर हल्की गतिविधि हो सकती है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण में गरज-चमक
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम अब तेजी से करवट ले रहा है।