
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी (Weather Update) और आग उगलती लू से जूझ रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा गुरुवार को लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और अस्पतालों में गर्मी से बीमार होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
राजधानी दिल्ली में हीट स्ट्रोक के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। इनमें एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि दूसरे की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मई महीने की लगभग 14 वर्षों की सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई। गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने पूरे मध्य प्रदेश को भीषण गर्मी की चपेट में ले लिया है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच गया, जिससे लोगों को तीखी लू का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में सबसे अधिक 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक रहा।
जिले में दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। गुरुवार को दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। सुबह से लेकर देर शाम तक गर्म हवाएं चलती रही। वहीं प्रशासन द्वारा अगले 24 घंटे में जिले में लू चलने की संभावना जताई गई है। लू को ध्यान में रखते हुए लोगों को अलर्ट रहने कहा गया है। मौसम में पिछले कुछ दिनों से लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है।
भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लखनऊ स्थित लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के न्यूरोलॉजी वार्ड में 32 ब्रेन स्ट्रोक मरीज भर्ती हैं। वहीं, केजीएमयू में 28 और एसजीपीजीआई में 20 मरीजों का इलाज चल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर हीट स्ट्रोक जानलेवा साबित हो सकता है।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभों की कमी के कारण इस बार मैदानी इलाकों में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है। तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और लगातार लू चलने से हालात और गंभीर हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश में करीब दो सप्ताह से लू का प्रकोप जारी है। प्रयागराज में 46.6, वाराणसी में 45.6, हमीरपुर और सुल्तानपुर में 45.2, उरई में 45 और आगरा में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भीषण लू का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब के फरीदकोट में तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बिहार के डेहरी रोहतास में 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि झारखंड के पलामू, गढ़वा और चतरा में तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। बिहार में अरवल, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद, भभुआ और रोहतास में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पांचवीं तक की कक्षाएं बंद करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, छठी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 10:30 बजे तक ही संचालित होंगी।
दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर और हीट स्ट्रोक नोडल ऑफिसर प्रो. डॉ. अजय चौहान ने लोगों को हाइड्रेटेड रहने, नमक और इलेक्ट्रोलाइट्स वाले तरल पदार्थ पीने तथा दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि हल्के सूती कपड़े पहनें, ताजे फल और तरल पदार्थ लें तथा ज्यादा कैफीन, शराब और भारी शारीरिक मेहनत से बचें। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन, हीट स्ट्रोक, दिल और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग सबसे ज्यादा जोखिम में हैं।