Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी से दिल्ली में बदलेगा मौसम, मध्य प्रदेश समेत 6 राज्यों में बारिश की चेतावनी
देशभर में मौसम बदल रहा है। कई राज्यों में बारिश और कोहरे का अलर्ट है। दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चलेंगी, जबकि राजस्थान में तापमान बढ़ा और यूपी में मौ ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 25 Feb 2026 08:23:16 AM (IST)Updated Date: Wed, 25 Feb 2026 08:23:16 AM (IST)
फरवरी के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज बदल रहा है। (फाइल फोटो)HighLights
- छह राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी।
- 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी।
- दिल्ली में तेज हवाएं चलने की संभावना।
एजेंसी, नई दिल्ली। देशभर में फरवरी के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। दिल्ली से भोपाल तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं पहाड़ों में ताजा बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में हल्की ठंड का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में छह राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली एनसीआर में तेज हवाओं के आसार
दिल्ली एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ियों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच रह सकता है। अगले दो दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी।
उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर और बरेली जैसे जिलों में सुबह हल्की ठंड रह सकती है। दिन में धूप तेज होने से तापमान में बढ़ोतरी होगी।
राजस्थान में बढ़ा पारा
राजस्थान में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह तक अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना
दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कोलकाता सहित कई क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले सात दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।