
स्पोर्ट्स डेस्क। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के आयोजन स्थलों (वेन्यू) की आधिकारिक घोषणा कर दी है। अक्टूबर-नवंबर महीने में आयोजित होने वाले इस महाकुंभ की संयुक्त मेजबानी तीन देश साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। इन तीनों देशों के कुल 12 अलग-अलग शहरों में क्रिकेट का यह सबसे बड़ा टूर्नामेंट खेला जाएगा।
आयोजन स्थलों की सूची में सबसे बड़ा हिस्सा साउथ अफ्रीका को मिला है। देश के आठ प्रमुख शहरों को मैचों की मेजबानी का अवसर दिया गया है। इनमें जोहान्सबर्ग का मशहूर वांडरर्स स्टेडियम, त्श्वाने का सेंचुरियन, केप टाउन का न्यूलैंड्स ग्राउंड, डरबन का किंग्समीड, गकेबरहा का सेंट जॉर्ज पार्क, ब्लोमफोंटेन का मंगांग ओवल, पार्ल का बोलैंड पार्क और ईस्ट लंदन का बफेलो पार्क शामिल हैं।
जिम्बाब्वे के तीन स्टेडियमों को वर्ल्ड कप मुकाबलों के लिए चुना गया है। इनमें हरारे का हरारे स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो का क्वींस स्पोर्ट्स क्लब और विक्टोरिया फॉल्स स्थित फाले मोसी-ओआ-तुन्या अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम शामिल हैं। वहीं, पहली बार इस स्तर के मैचों का अनुभव करने जा रहे नामीबिया के विंडहोक स्थित 'नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड' में भी विश्व कप के मुकाबले आयोजित होंगे।
वर्ष 2023 में भारत में खेले गए वर्ल्ड कप में केवल 10 टीमों ने भाग लिया था, लेकिन 2027 के संस्करण में कुल 14 टीमें अपनी चुनौती पेश करेंगी। आईसीसी ने इस बार टूर्नामेंट की संरचना में भी अहम बदलाव किए हैं।
यह भी पढ़ें- जशपुर का लाल अनिमेष कुजूर राष्ट्रमंडल खेलों में चमका, 200 मीटर सेमीफाइनल में बनाई जगह
शुरुआती चरण में 14 टीमों को 7-7 के दो ग्रुपों में विभाजित किया जाएगा। इसके अलावा, एक नई 'सुपर सीरीज' की शुरुआत की गई है, जिसमें तीन टीमों के आपसी मुकाबलों में शीर्ष पर रहने वाली टीम अगले दौर के लिए क्वालीफाई करेगी। ग्रुप चरण के बाद सुपर-7 राउंड होगा, जहाँ शीर्ष टीमें एक-दूसरे के आमने-सामने होंगी और फिर नॉकआउट मैचों के जरिए चैंपियन का फैसला होगा।