
स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 में लगातार सामने आ रहे विवादों के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। बोर्ड ने सभी फ्रेंचाइजियों को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत पंजाब किंग्स ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की ब्लॉगिंग गतिविधियों पर फिलहाल रोक लगा दी है।
अर्शदीप सिंह का क्या है मामला
अर्शदीप सिंह अक्सर टीम के साथ यात्रा और ड्रेसिंग रूम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं, लेकिन अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया है। दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी को पता चला है कि पंजाब ने उनकी ब्लॉगिंग पर रोक लगा दी है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने भी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के परिवार वालों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है।
दिल्ली की ओर से कहा गया है कि परिवार वाले होटल या कुछ तय जगहों पर ही फोटो और वीडियो बना सकेंगे। हालांकि उन्हें यह सामग्री सीजन खत्म होने से पहले सोशल मीडिया पर साझा करने की अनुमति नहीं होगी।
कई ऐसे मामले
दरअसल इस सीजन में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनसे बोर्ड की चिंता बढ़ी है। राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में फोन इस्तेमाल करते दिखाई दिए थे। वहीं टीम के कप्तान रियान पराग का ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद उन पर जुर्माना भी लगाया गया। इसके अलावा पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल का भी एक वीडियो चर्चा में रहा, जिसमें उन्हें यात्रा के दौरान कथित तौर पर वेपिंग करते देखा गया।
सात पन्नों की नई एडवाइजरी जारी
इन घटनाओं के बाद बीसीसीआई ने सात पन्नों की नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें खिलाड़ियों को सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े कई दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड ने फ्रेंचाइजियों से साफ कहा है कि सभी खिलाड़ी आईपीएल के प्रोटोकॉल का पालन करें, क्योंकि समय-समय पर इसकी निगरानी और जांच भी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- आईपीएल 2026: 18 साल बाद भी चट्टान की तरह खड़े हैं 2008 के ये 5 रिकॉर्ड्स, क्या इस बार टूटेगा तिलिस्म?