
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मालवा स्टालियंस टीम ने मध्य प्रदेश लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अपने निराशाजनक अभियान का समापन जीत के साथ किया। वर्तमान सत्र में अपना अंतिम लीग मैच खेल रही मालवा स्टालियंस टीम ने सोमवार को रीवा जैगुआर्स टीम को 52 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर सांत्वना जीत हासिल की। इस हार के बावजूद रीवा जैगुआर्स टीम ने अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मालवा स्टालियंस ने 20 ओवर में सात विकेट पर 214 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। हालांकि टीम ने शुरुआत में ही कुछ विकेट गंवा दिए थे और सात ओवर से कुछ अधिक समय में उनका स्कोर दो विकेट पर 69 रन था। इसके बाद अखिल यादव और पार्थ साहनी ने तीसरे विकेट के लिए 73 रन की अहम साझेदारी की, जिससे स्टालियंस मजबूत स्थिति में आ गए।
अखिल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों पर 66 रन बनाए और टीम का स्कोर तीन विकेट पर 142 रनों तक पहुंचा दिया लेकिन उनके आउट होते ही स्टालियंस की पारी लड़खड़ा गई। टीम ने सिर्फ 17 रनों में पांच विकेट गंवा दिए। मुश्किल समय में ऋषभ चौहान और आर्यन देशमुख ने शानदार फिनिशिंग टच दिया। इस जोड़ी ने नाबाद 55 रनों की साझेदारी की। ऋषभ 16 गेंदों पर 23 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि आर्यन ने सिर्फ 10 गेंदों पर नाबाद 36 रनों की तूफानी पारी खेली।
जवाब में रीवा जैगुआर्स को पहले ही ओवर में पार्थ साहनी ने खाता खोले बिना चलता कर दिया। इसके बाद अक्षत रघुवंशी और अरहम अकील ने दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की। अकील ने 14 गेंदों में 27 रन बनाए जबकि अक्षत भी 16 गेंदों में 29 रन की पारी खेली। अक्षत का एक छक्का तो मैदान के बाहर गिरा।
मगर दोनों ही गलत शाट खेलकर आउट हो गए। जल्द ही जैगुआर्स का स्कोर चार विकेट पर 65 रन हो गया। इसके बाद टीम कभी उबर नहीं पाए और लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
अश्विन दास ने 15 गेंदों में तेजी से 28 रन बनाकर किला लड़ाने का प्रयास किया, लेकिन उनके आउट होने से टीम की संभावनाएं और कम हो गईं। मालवा स्टालियंस के लिए ईशान चौधरी ने चार विकेट चटकाए जबकि आदित्य मिश्रा ने भी तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए।