
स्पोर्ट्स डेस्क। रवि शास्त्री का नाम भारतीय क्रिकेट जगत में सबसे मशहूर नामों में से एक है, अपनी ऑलराउंडर काबिलियत के साथ-साथ कोच के तौर पर उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं 80 और 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्रियों में अमृता सिंह का नाम खास तौर पर लिया जाता है। अपनी दमदार अदाकारी और बेबाक अंदाज के चलते उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग थी। इंडस्ट्री में कई कलाकार उनके दीवाने थे। फरवरी 1958 में दिल्ली में जन्मी अमृता सिंह अपने दौर की बोल्ड एक्ट्रेस मानी जाती थीं और जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीने में यकीन रखती थीं। उनका संबंध ग्लैमर और राजनीतिक जगत की कई चर्चित हस्तियों से भी रहा है।
रवि शास्त्री संग रहा खास रिश्ता
कामयाब करियर के साथ-साथ अमृता सिंह की निजी जिंदगी भी खूब सुर्खियों में रही। उन्होंने कई मशहूर हस्तियों को डेट किया, लेकिन कोई रिश्ता मंजिल तक नहीं पहुंच पाया। इन्हीं में एक नाम क्रिकेटर रवि शास्त्री का भी था। 80 के दशक में अमृता सिंह और रवि शास्त्री के अफेयर की खूब चर्चा होती थी। कहा जाता है कि रवि शास्त्री पहली ही मुलाकात में अमृता पर फिदा हो गए थे।
दोनों ने सिने ब्लिट्ज़ मैगजीन के नवंबर 1986 के अंक के लिए कवर फोटोशूट भी कराया था, जिससे उनके रिश्ते की चर्चाएं और तेज हो गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की सगाई तक हो चुकी थी और शादी की तैयारियां भी मानी जा रही थीं।
शर्मीले स्वभाव के थे रवि शास्त्री
News18 की रिपोर्ट के अनुसार, अमृता सिंह और रवि शास्त्री की पहली मुलाकात मुंबई के एक रेस्टोरेंट में हुई थी। एक इंटरव्यू में रवि शास्त्री ने बताया था कि वह स्वभाव से बेहद शर्मीले थे और पहली मुलाकात में करीब 10 मिनट तक अमृता से बात ही नहीं कर पाए। बातचीत की शुरुआत अमृता ने ही की थी। हालांकि, सब कुछ अच्छा चलने के बावजूद यह रिश्ता ज्यादा समय तक टिक नहीं सका।
वह शर्त, जिसने सब खत्म कर दिया
दरअसल, एक इंटरव्यू में रवि शास्त्री ने साफ कहा था कि वह किसी एक्ट्रेस से शादी नहीं करना चाहते। उनका मानना था कि उनकी पत्नी की पहली प्राथमिकता घर और परिवार होना चाहिए। उस वक्त अमृता सिंह अपने करियर के शिखर पर थीं और लगातार हिट फिल्में दे रही थीं। उनके पास काम की कोई कमी नहीं थी। अमृता ने इस सोच का विरोध किया और कहा कि वह अपने प्रोफेशन से अचानक दूरी नहीं बना सकतीं। हालांकि, उन्होंने यह भी तंज भरे लहजे में कहा था कि कुछ साल बाद वह हाउसवाइफ बनकर घर संभाल सकती हैं। यही मतभेद धीरे-धीरे उनके रिश्ते के टूटने की वजह बन गया।