
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हॉकी इंडिया ने आगामी ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारतीय अंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों की 24-24 सदस्यीय टीमों की घोषणा कर दी है। यह हाई-इंटेंसिटी सीरीज 15 से 20 मई तक भोपाल स्थित उदय दास मेहता (भाई जी) साई सेंट्रल सेंटर में खेली जाएगी। यह सीरीज 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा में होने वाले अंडर-18 एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राष्ट्रीय कोचिंग कैंप में 42 खिलाड़ियों में से प्रदर्शन, फिटनेस और रणनीतिक क्षमता के आधार पर अंतिम 24 खिलाड़ियों का चयन किया गया। पुरुष टीम की कप्तानी केतन कुशवाहा को सौंपी गई है, जबकि महिला टीम की कमान स्वीटी कुजूर संभालेंगी। पुरुष टीम को पूर्व भारतीय खिलाड़ी सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा प्रशिक्षण दे रहे हैं।
वहीं महिला टीम पूर्व कप्तान रानी रामपाल के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही है। सरदार सिंह ने कहा कि आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुकाबले खिलाड़ियों के मानसिक संतुलन और रणनीतिक अनुशासन की बड़ी परीक्षा होंगे। वहीं रानी ने कहा कि यह सीरीज एशिया कप से पहले टीम के लिए अंतिम बड़ी तैयारी साबित होगी।
सावन कुमार, आयुष राजाक, विशाल बड़ा, अंश बहुत्रा, आशीष तानी पूर्ति, अरमान सोरेंग, दीपकप्रकाश टोप्पो, करण गौतम, करण धनुक, प्रेमचंद सोय, राहुल यादव, वरिंदर सिंह, रोमित पाल, अर्जनदीप सिंह, गुरसिमरनप्रीत सिंह, अर्शदीप सिंह, अवि माणिकपुरी, आकाश दीप, केतन कुशवाहा, शाहरुख अली, गाजी खान, प्रह्लाद राजभर, सिद्धार्थ बेन और जैसन कंडुलना।
महक परिहार, हैरी, खिली कुमारी, सुगन सांगा, नीलम टोपनो, रुबीना बक्सला, किरण एक्का, दिव्या यादव, सुलोचनी, श्रुति कुमारी, दिया, हर्षिता, रश्मीन कौर, लामिंगनबी अकोइजाम, नैंसी सरोहा, तोंग्ब्रम लांचेनबी देवी, स्नेहा दावड़े, नौशीन नाज, स्वीटी कुजूर, प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी, नाम्मी गीताश्री, प्रिंसेस प्रिया एक्का और पुष्पा मांझी।