राज्य ब्यूरो,नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 25 मार्च से तीन अप्रैल तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ का आयोजन रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आठ मुख्य खेल और दो डेमो गेम्स का होगा रोमांच
इस 10 दिवसीय आयोजन में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, हाकी, फुटबाल, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे प्रमुख खेलों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की पहचान मलखंब और कबड्डी का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने खेल मैदानों, स्पोर्ट्स इक्विपमेंट्स और खिलाड़ियों के रुकने व भोजन की व्यवस्था को उच्च स्तरीय बनाने पर जोर दिया है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में ₹49 करोड़ से बनेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, CM मोहन यादव ने किया भूमिपूजन, कहा- अब एमपी में खेलेंगी दुनिया की शीर्ष टीमें
खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्राथमिकता
बैठक में खेल मंत्री साव ने बताया कि देशभर से आने वाले 3,000 खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधा, इंजरी मैनेजमेंट और वेन्यू पर डॉक्टरों की तैनाती अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए, ताकि जन सहभागिता बढ़ सके।