
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मेजबान इंदौर की अनन्या गोधा, दीक्षिका परिहार, अंशिका सिंह, कनीषा माहेश्वरी ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी योग स्पर्धा में पदकीय सफलता हासिल की। देश के विभिन्न राज्यों की टीमें स्थानीय एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश कर रही हैं।
प्रतिभागियों ने कठिन से कठिन आसनों को आत्मविश्वास, एकाग्रता और लचीलेपन के साथ प्रस्तुत करते हुए अपनी उत्कृष्ट तैयारी और अनुशासन का परिचय दिया। स्पर्धा के दौरान खिलाड़ियों ने संतुलन, शारीरिक नियंत्रण और मानसिक एकाग्रता का अद्भुत प्रदर्शन किया। प्रत्येक आसन में उनकी सटीकता, धैर्य और सहजता ने यह सिद्ध कर दिया कि नियमित अभ्यास और समर्पण से असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
स्पर्धा के आर्टिस्टिक योग इवेंट के अंडर-14 बालिका वर्ग में जयपुर की दिविशा घिल्डियाल को पहला स्थान मिला। इंदौर की कनीषा माहेश्वरी को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा जबकि ग्वालियर की वदान्या अग्रवाल को तीसरा स्थान मिला।
अंडर-17 बालिका वर्ग में राजकोट की मानस्वी रावेशिया को पहला, जयपुर की नव्या वर्मा को दूसरा और इंदौर की मीशा पटेल को तीसरा स्थान मिला। अंडर-19 बालिका वर्ग में मेजबान इंदौर की अनन्या गोधा ने स्वर्ण जीता जबकि कर्नाटक की लक्ष्मी को रजत और ग्वालियर की सिद्धि बडोनिया को कांस्य पदक हासिल हुआ।
रिदमिक पेयर अंडर-14 बालिका वर्ग में ग्वालियर को पहला स्थान मिला। इस टीम में वदान्या अग्रवाल और नविका सिंह शामिल थीं। इंदौर की दीक्षिका परिहार व अंशिका सिंह की जोड़ी ने रजत पदक जीता। जोधपुर की रितिका चौधरी व मायशा लाहोटी की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में ग्वालियर की सेरिल्डा आंगोम व आहाना अग्रवाल की जोड़ी को स्वर्ण पदक मिला। इंदौर की अविका शर्मा व रिद्धि खत्री की जोड़ी को रजत पदक प्राप्त हुआ। राजकोट की वियोना भागदेव व हीर उंधावद को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
अंडर-19 वर्ष बालिका वर्ग में इंदौर की अनन्या गोधा व सान्वी साबू की जोड़ी प्रथम स्थान पर रही। कर्नाटक की मानस्वी व देविका की जोड़ी को रजत और जयपुर की स्वस्ति शर्मा व नव्या राठौर की जोड़ी को कांस्य पदक मिला।
यह भी पढ़ें- Yoga Therapy Indore: योग थैरेपी से घुटनों के दर्द- बीपी और शुगर जैसी बीमारियों को रखा जा सकता है दूर