
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। हॉकी इंडिया जूनियर बालक राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश का मुकाबला शनिवार को ओडिशा की टीम से होगा। सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश ने झारखंड को 2-0 से हराया, जबकि ओडिशा ने रोमांचक मुकाबले में पंजाब को 6-4 से मात दी। कोयंबटूर (तमिलनाडु) में आयोजित टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश की टीम में इंदौर के दो खिलाड़ी हर्ष यादव और विश्वेष सिंह शामिल हैं।
18 सदस्यीय मप्र टीम पूरे टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन करती आई है। अब फाइनल में ओडिशा के खिलाफ जानदार खेल दिखाने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी। सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश और झारखंड की टक्कर हुई। झारखंड की टीम बेहद मजबूत मानी जाती है, लेकिन मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों के जोरदार प्रदर्शन के सामने टीम कुछ खास नहीं कर सकी। मध्य प्रदेश ने अनुशासित खेल दिखाते हुए झारखंड को 2-0 से हराया।
मैच के दौरान मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का अधिकांश समय गेंद पर नियंत्रण रहा। खिलाड़ियों ने रणनीति को मैदान में उचित तरीके से अंजाम दिया। छोटे-छोटे पास के सहारे आगे बढ़ने की मध्य प्रदेश की रणनीति कारगार रही। दोनों छोर से हो रहे हमलों से विपक्षी टीम का डिफेंस भी कमजोर हुआ और मौके का फायदा उठाते हुए मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने गोल दागने में गलती नहीं की।
मैच के अंतिम क्षणों में राजवीर सिंह (56वें मिनट) और आर्शिर आदिल खान (58वें मिनट) ने गोल कर टीम को खिताबी मुकाबले में पहुंचाया। शानदार गोलकीपिंग के लिए मध्य प्रदेश के जतिन वर्मा को प्लेयर आफ द मैच चुना गया। दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान ओडिशा और पंजाब में मुकाबला हुआ। रोमांचक और हाई-स्कोरिंग सेमीफाइनल में ओडिशा ने पंजाब को 6-4 से हराया।
ओडिशा के लिए बिलकन ओराम ने शानदार हैट्रिक बनाई। उन्होंने खेल के 28वें, 41वें और 52वें मिनट में गेंद को जाली में पहुंचाया। अब शनिवार को होने वाले फाइनल पर सभी की निगाहें टिकी हैं। इसी दिन तीसरे स्थान के लिए मैच होगा, जिसमें पंजाब और झारखंड की टीमें एक-दूसरे को टक्कर देंगी।
जतिन वर्मा, सोहेल अली, आनंद कुमार, नवीन एक्का, लव, विश्वेष सिंह, हर्ष यादव, हर्ष फलसवाल, तौहीद अहमद, आशिर आदिल खान, राजवीर सिंह, सुभान आबिद, रितेंद्र प्रताप सिंह, तुषार परमार, ऋषि रजक, संजू सिंह, विष्णु मतेल, भावेश धोटे।
यह भी पढ़ें- MP के दो बेटों ने बढ़ाया देश का मान, रिक्शा चालक और रसोइया मां के लाडलों ने जापान में जीता एशिया कप, रचा इतिहास