
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजवीर सिंह के दो शानदार गोल की मदद से मेहमान मध्य प्रदेश टीम ने 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर बालक राष्ट्रीय चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल दौर में प्रवेश किया। राजवीर सिंह इस मैच के हीरो चुने गए।
जबलपुर स्थित हॉकी मध्य प्रदेश के मुख्यालय कार्यालय से मंगलवार को जानकारी देते हुए महासचिव लोक बहादुर ने बताया कि हॉकी इंडिया के तत्वावधान में कोयंबतूर तमिलनाडु में आयोजित की जा रही 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर बालक चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नाकआउट दौर के मैच में मेजबान तमिलनाडु को 4-0 से पराजित किया।
मध्य प्रदेश और तमिलनाडु के मध्य खेले गए मैच में मध्य प्रदेश ने खेल के शुरुआती दौर से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खेल के चौथे मिनट में मध्य प्रदेश की ओर से रितेंद्र प्रताप सिंह, आशिर आदिल, तुषार परमार एवं राजवीर सिंह ने मिलकर बड़े ही तालमेल के साथ अच्छा आक्रमण किया। जिसके परिणामस्वरूप मध्य प्रदेश के पक्ष में पेनल्टी कार्नर दिया गया। जिसको राजवीर सिंह ने गोल में तब्दील कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके साथ ही अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखा।

खेल के 12वें मिनट में मध्य प्रदेश की ओर से आशिर आदिल, तुषार, रितेंद्र एवं राजवीर ने बढ़िया तालमेल के साथ आक्रमण किया। जिसके फलस्वरूप मध्य प्रदेश के पक्ष में एक ओर पेनाल्टी कार्नर दिया गया। जिसको नवीन एक्का ने गोल में बदलकर टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। खेल के 27वें मिनट में मध्य प्रदेश की अग्रिम पंक्ति द्वारा पुनः एक अच्छा आक्रमण किया। जिसके परिणामस्वरूप मध्य प्रदेश के पक्ष एक ओर पेनाल्टी कार्नर दिया गया, जिसे सोहिल अली ने गोल में तब्दील कर बढ़त 3-0 करा दी।
खेल के 9वें मिनट में मध्य प्रदेश की ओर से राजवीर सिंह, तुषार, रितेंद्र एवं आशिर ने मिलकर पुनः एक अच्छा आक्रमण किया। जिसके फलस्वरूप मध्य प्रदेश के पक्ष में एक ओर पेनाल्टी कार्नर दिया गया। जिसे राजवीर ने गोल में बदलकर टीम की बढ़त को 4-0 करा दिया। मध्य प्रदेश की रक्षा पंक्ति के सोहिल अली, नवीन एक्का, आनंद, विशवेष सिंह एवं गोलकीपर जतिन वर्मा ने बड़ी ही सूझबूझ के साथ नाकाम कर दिया।
मध्य प्रदेश के पूल का एक अन्य मैच हरियाणा के साथ खेला गया। इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में दोनों ही टीमों 2-2 गोल कर बराबरी पर रही। खेल के शुरुआती दौर से ही दोनों ही टीमों ने एक दूसरे पर शानदार जबाबी आक्रमण किए। जिसके फलस्वरूप खेल के खेल के 5वें मिनट में हरियाणा की ओर से पहला गोल सुनील ने किया।
खेल के 27वें मिनट में हरियाणा की ओर से एक ओर गोल अंकुश ने पेनाल्टी कार्नर पर किया। इसके पश्चात मध्य प्रदेश की ओर से अच्छे जवाबी आक्रमण किए गए। जिसके फलस्वरूप मध्य प्रदेश की ओर से पहला गोल खेल के 30वें मिनट में आशिर आदिल ने पेनाल्टी कार्नर पर किया। दूसरा गोल खेल के 48वें मिनट में सोहिल अली ने पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से किया।