
टेक्नोलॉजी डेस्क। कई बार जिंदगी में ऐसे हालात बन जाते हैं, जब यात्रा की योजना अचानक बनानी पड़ती है। घर में किसी की तबीयत खराब हो जाए, इंटरव्यू या परीक्षा के लिए तुरंत पहुंचना हो, आफिस का अचानक दौरा तय हो जाए, पारिवारिक समारोह में शामिल होना पड़े या किसी अन्य आपात स्थिति में कहीं जाना पड़े, तो भारतीय रेलवे की तत्काल टिकट सुविधा मददगार साबित होती है।
तत्काल टिकट यात्रा की तारीख से एक दिन पहले बुक किया जाता है, यात्रा वाले दिन को छोड़कर। एसी क्लास (1एसी, 2एसी, 3एसी, सीसी, ईसी) के लिए बुकिंग सुबह 10 बजे से शुरू होती है, जबकि स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11 बजे से बुकिंग खुलती है। सीटें सीमित होने के कारण कुछ ही मिनटों में भर जाती हैं।
तीन तरीकों से कर सकते हैं बुकिंग
तत्काल टिकट बुक करने के कई तरीके हैं। पहला तरीका ऑनलाइन बुकिंग का है। इसके लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर लॉगिन करना होता है। यात्रा की तारीख, स्टेशन और ट्रेन चुनने के बाद कोटा में तत्काल विकल्प चुनना जरूरी होता है। इसके बाद यात्री का नाम, उम्र और पहचान पत्र का विवरण भरकर ऑनलाइन भुगतान किया जाता है।
दूसरा तरीका रेलवे रिजर्वेशन काउंटर का है, जहां यात्री फार्म भरकर तत्काल कोटा लिखते हैं, पहचान पत्र का नंबर दर्ज करते हैं और शुल्क जमा करते हैं। तीसरा तरीका अधिकृत एजेंट के माध्यम से बुकिंग का है, हालांकि एजेंटों के लिए शुरुआती समय में कुछ प्रतिबंध रहते हैं, इसलिए खुद बुकिंग करना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान
तत्काल टिकट पर यात्रा करते समय वही पहचान पत्र साथ रखना जरूरी होता है, जो बुकिंग के दौरान दिया गया था। आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य सरकारी पहचान पत्र मान्य होते हैं।
किराये के साथ अतिरिक्त तत्काल शुल्क लिया जाता है, जो दूरी और श्रेणी के अनुसार अलग-अलग होता है। तत्काल कोटे में आमतौर पर सीट पसंद करने का विकल्प नहीं मिलता। रद्द करने के नियम सख्त होते हैं। कन्फर्म तत्काल टिकट रद्द करने पर सामान्य स्थिति में रिफंड नहीं मिलता, हालांकि ट्रेन रद्द होने या तीन घंटे से अधिक लेट होने पर नियम अलग हो सकते हैं। आरएसी या वेटिंग लिस्ट की स्थिति में आंशिक धनवापसी मिल सकती है।
आईआरसीटीसी अकाउंट लॉगिन रखें
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि बुकिंग समय से पहले आईआरसीटीसी अकाउंट लॉगिन रखें, यात्री विवरण सेव कर लें और तेज इंटरनेट का उपयोग करें, ताकि कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ सके।