
टेक्नोलॉजी डेस्क। Oppo अपने नए प्रीमियम स्मार्टफोन Oppo Reno 16 Pro को जल्द भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकता है। यह स्मार्टफोन हाल ही में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) की वेबसाइट पर मॉडल नंबर CPH2863 के साथ स्पॉट हुआ है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि कंपनी अब भारतीय बाजार में अपनी नई Reno 16 सीरीज उतारने की तैयारी में है। खास बात यह है कि यह फोन कैमरा और बैटरी के मामले में काफी दमदार माना जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Oppo Reno 16 Pro इंडोनेशिया के TKDN सर्टिफिकेशन प्लेटफॉर्म पर भी नजर आया है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी इसे ग्लोबल स्तर पर लॉन्च करेगी। हालांकि कंपनी ने आधिकारिक स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कई लीक्स में इसके फीचर्स सामने आए हैं।
टिप्सटर Debayan Roy की रिपोर्ट के अनुसार, Oppo Reno 16 Pro में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसमें 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा मिलेगा। इसके अलावा 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी मिलने की संभावना है। ऐसे में यह फोन फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पसंद करने वाले यूजर्स के लिए खास हो सकता है।
फोन में 6.78 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगी। परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek का नया Dimensity 9500s चिपसेट दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह डिवाइस 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज विकल्प के साथ आ सकता है।
Oppo Reno 16 Pro में 7,000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की संभावना है। इसके साथ 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट भी दिया जा सकता है। फोन में मेटल फ्रेम और IP69 रेटिंग मिलने की भी चर्चा है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षित रहेगा।
कंपनी इस महीने के अंत तक चीन में Reno 16 सीरीज लॉन्च कर सकती है। वहीं भारत में भी Reno 16, Reno 16C और Reno 16 Pro Mini जैसे मॉडल पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है।