भीगे फोन को बचाने का सिर्फ चावल ही नहीं है उपाय, इन तीन असरदार तरीकों को जरूर आजमाएं
बारिश के मौसम में स्मार्टफोन भीगने का खतरा बढ़ जाता है। एक्सपर्ट्स चावल की बजाय सिलिका जेल, ठंडी हवा और वैक्यूम क्लीनर जैसे सुरक्षित तरीकों से फोन सुख ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 19 Mar 2026 02:39:19 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Mar 2026 02:39:19 PM (IST)
फोन भीगने पर अपनाएं ये तरीके। (फाइल फोटो)HighLights
- फोन भीगने पर चावल की बजाय बेहतर उपाय अपनाएं
- सिलिका जेल नमी सोखने में सबसे प्रभावी और सुरक्षित
- फोन को गर्म हवा से नहीं, ठंडी हवा में सुखाएं
टेक्नोलॉजी डेस्क। मौसम में अचानक आए बदलाव के चलते देश के कई हिस्सों में तेज हवा और बारिश का दौर जारी है। इसका असर जनजीवन के साथ-साथ हवाई सेवाओं पर भी देखा जा रहा है। उत्तर भारत में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में और बदलाव की संभावना बनी हुई है। इस बीच बारिश के मौसम में स्मार्टफोन के भीगने का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे तकनीकी नुकसान का जोखिम रहता है।
अक्सर लोग फोन भीगने पर उसे चावल में डाल देते हैं, लेकिन टेक एक्सपर्ट्स के अनुसार यह तरीका हमेशा कारगर नहीं होता। चावल नमी को पूरी तरह सोख नहीं पाते और कई बार इससे फोन के अंदर धूल और छोटे कण भी पहुंच सकते हैं, जो डिवाइस को और नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में कुछ सुरक्षित और प्रभावी उपाय अपनाना जरूरी है।
सिलिका जेल पैकेट का करें उपयोग
अगर स्मार्टफोन बारिश में भीग जाए तो सबसे पहले उसे बंद कर देना चाहिए। इसके बाद फोन को सिलिका जेल पैकेट्स के साथ एक एयरटाइट डिब्बे में रख दें। सिलिका जेल नमी को तेजी से सोख लेता है और यह चावल की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी होता है। ये पैकेट्स आमतौर पर जूते या इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स के साथ मिल जाते हैं, या इन्हें आसानी से ऑनलाइन भी खरीदा जा सकता है।
ठंडी हवा से धीरे-धीरे सुखाएं
फोन को सुखाने के लिए कभी भी हेयर ड्रायर या गर्म हवा का उपयोग न करें, क्योंकि इससे फोन के अंदरूनी हिस्सों को नुकसान हो सकता है। इसके बजाय फोन को पंखे या कूल एयर के सामने रखें। इससे फोन सुरक्षित तरीके से और धीरे-धीरे सूखता है। यह तरीका फोन की सेफ्टी के लिए अधिक उपयुक्त माना जाता है।
वैक्यूम क्लीनर से नमी हटाएं
यदि आपके पास कॉम्पैक्ट वैक्यूम क्लीनर है, तो उसका उपयोग फोन के पोर्ट्स और स्पीकर्स के आसपास की नमी को हटाने के लिए किया जा सकता है। ध्यान रखें कि इसे बहुत सावधानी से इस्तेमाल करें और फोन को ज्यादा पास न लाएं, ताकि किसी प्रकार का नुकसान न हो।
सावधानी ही सबसे बड़ा उपाय
बरसात के मौसम में फोन को सुरक्षित रखने के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। फोन को पानी और नमी से दूर रखें और यदि गलती से भीग जाए, तो सही तरीके अपनाकर उसे बचाने की कोशिश करें। सही कदम उठाने से आप अपने महंगे स्मार्टफोन को नुकसान से बचा सकते हैं।