विशेष रूप से यह सुखद है कि इन सफल अभ्यर्थियों में आधी आबादी ने भी संख्या और उपलब्धि दोनों में पुरुषों को कड़ी टक्कर दी है।
सफलता की कहानी और भी प्रेरणादायक
इस बार की सफलता की कहानी और भी प्रेरणादायक है, क्योंकि इसमें मिठाई विक्रेता, कोटेदार और ऑटो रिक्शा चालक जैसे साधारण परिवारों के बच्चों ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। वहीं सुजानगंज क्षेत्र में ननद-भौजाई की जोड़ी ने भी सफलता का परचम लहराकर एक मिसाल पेश की है।
ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं
मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के तरहटी गांव निवासी अवधेश शुक्ला, जो मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, उनके पुत्र करुणा सागर शुक्ला ने तीसरे प्रयास में सफलता अर्जित करते हुए वाणिज्य कर विभाग में सहायक आयुक्त का पद हासिल किया है।
मिठाई विक्रेता का बेटा बना डिप्टी एसपी
चंदवक के खुज्झी मोड़ निवासी मिठाई विक्रेता सूरज मोदनवाल के पुत्र राजू मोदनवाल ने 11वीं रैंक प्राप्त कर डिप्टी एसपी का पद हासिल किया है। भावुक पिता ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका बेटा इतना बड़ा अधिकारी बनेगा। वर्तमान में वे कोल्ड ड्रिंक एजेंसी का संचालन कर रहे हैं।
अध्यापिका की बेटी बनी बीडीओ
केराकत क्षेत्र में एसडी पब्लिक स्कूल, हुरहुरी के निदेशक राजेश सिंह और अध्यापिका रेखा सिंह की पुत्री राजिता सिंह का चयन बीडीओ पद पर हुआ है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर प्राप्त की और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सफलता हासिल की।
शिक्षक का बेटा बना नायब तहसीलदार
बदलापुर के बेसहूपुर निवासी परिषदीय शिक्षक अजय कुमार सिंह के पुत्र हिमालय सिंह ने 82वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार पद हासिल किया है। उनकी शिक्षा विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से पूर्ण हुई है, जो उनकी लगन और परिश्रम को दर्शाती है।
बदलापुर क्षेत्र की प्रतिभा यादव बनी पंचायत राज अधिकारी
इसी क्रम में बदलापुर क्षेत्र की प्रतिभा यादव ने तीसरे प्रयास में पंचायत राज अधिकारी का पद प्राप्त किया है। दिल्ली में रहकर तैयारी करने वाली प्रतिभा के पिता शिवकुमार यादव पूर्व जेल अधीक्षक रह चुके हैं।
चौथे प्रयास में सफलता अर्जित कर बने असिस्टेंट कमिश्नर
खुटहन क्षेत्र के गुलरा गांव निवासी तारिक समद ने चौथे प्रयास में सफलता अर्जित कर वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर का पद प्राप्त किया है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ तथा उच्च शिक्षा दिल्ली से प्राप्त की।
नायब तहसीलदार पद हासिल किया
सरपतहां क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह के पुत्र विशाल सिंह ने 30वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार पद हासिल किया है। उनकी शिक्षा विभिन्न जनपदों के प्रतिष्ठित संस्थानों से हुई है, जो उनकी बहुआयामी तैयारी को दर्शाती है।
जफराबाद नगर पंचायत के कोटेदार हर्ष सिंह के पुत्र विनीत सिंह का चयन भी नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। उन्होंने अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद प्रयागराज में रहकर यूपीपीसीएस की तैयारी की और सफलता प्राप्त की।