अलग अंदाज में दिखे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, काला चश्मा पहन गोरखनाथ मंदिर में खेली होली
काला चश्मा पहनकर रंगोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ उत्साहपूर्वक होली खेली और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 04 Mar 2026 03:03:31 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Mar 2026 03:06:23 PM (IST)
अलग अंदाज में दिखे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, काला चश्मा पहन गोरखनाथ मंदिर में खेली होलीHighLights
- बोले-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें
- दुर्जन शक्ति के दमन के लिए ईश्वरीय प्रेरणा मार्गदर्शन देती है
- एक लाख 61 हजार से अधिक स्थानों पर होलिका दहन
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक होलिकोत्सव का शुभारंभ करते हुए होली के पावन पर्व को सामाजिक समरसता, सुरक्षा और विश्वास का उत्सव बताया। काला चश्मा पहनकर रंगोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ उत्साहपूर्वक होली खेली और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि समाज में एकता, सौहार्द और आपसी विश्वास को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उमंग और उल्लास के पर्व तभी अपनी पूर्ण गरिमा के साथ मनाए जा सकते हैं, जब समाज में शांति और सुरक्षा का वातावरण हो। उत्तर प्रदेश और देश आज इसी विश्वास के साथ प्रगति पथ पर अग्रसर हैं।
अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यदि हम प्रह्लाद की अटूट आस्था, शबरी की निष्काम भक्ति और अर्जुन की कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें, तो सकारात्मक शक्तियां स्वतः सशक्त होंगी और नकारात्मक शक्तियां स्वतः ही पराजित हो जाएंगी।
दुर्जन शक्ति के दमन के लिए ईश्वरीय प्रेरणा मार्गदर्शन देती है
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब-जब समाज में अराजकता और अशांति का वातावरण उत्पन्न होता है, तब सज्जन शक्ति के संरक्षण और दुर्जन शक्ति के दमन के लिए ईश्वरीय प्रेरणा मार्गदर्शन देती है।
मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों पुरानी होली की परंपरा को भारत की ऋषि परंपरा ने जिस भाव और गरिमा के साथ आगे बढ़ाया है, आज की पीढ़ी भी उसी उत्साह के साथ उसे संरक्षित कर रही है।
एक लाख 61 हजार से अधिक स्थानों पर होलिका दहन
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में एक लाख 61 हजार से अधिक स्थानों पर होलिका दहन कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुए, जो सामाजिक एकता और सामूहिक विश्वास का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।
आज का भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर है। अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समरसता, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का यह पर्व आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।