
नईदुनिया प्रतिनिधि, गोरखपुर। भारतीय रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद पूर्वोत्तर रेलवे (NER) प्रशासन ने चतुर्थ श्रेणी (लेवल-1 / ग्रुप डी) के खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया पर काम करना शुरू कर दिया है।
इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) गोपाल प्रसाद ने लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल समेत सभी निर्माण व उत्पादन इकाइयों को पत्र भेजा है। उन्होंने विभाग से रिक्त पदों का ब्यौरा (इंडेंट) तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, 14 अगस्त 2026 तक खाली पड़े पदों और 31 दिसंबर 2027 तक होने वाली संभावित रिक्तियों का पूरा डाटा एचआरएमएस (HRMS) के 'इंडेंट मैनेजमेंट मॉड्यूल' पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। इसके बाद जोनल मुख्यालय स्तर पर 10 से 20 अगस्त 2026 के बीच इन आंकड़ों का सत्यापन किया जाएगा, ताकि 20 अगस्त तक रेलवे बोर्ड को कुल खाली पदों की अंतिम रिपोर्ट भेजी जा सके।
रेलवे बोर्ड देश के सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों से रिक्तियों की जानकारी जुटा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होते ही रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा लगभग 30,000 ग्रुप डी पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
संभावना जताई जा रही है कि सितंबर या अक्टूबर तक इसका विज्ञापन आ जाएगा और दिसंबर 2026 से पहले ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
ग्रुप डी के अलावा रेलवे बोर्ड ने अन्य संवर्गों में भी खाली पदों की समीक्षा शुरू कर दी है...