प्रयागराज में पूर्व मंत्री के कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया टैंक फटने से छत गिरी, 15 से अधिक मजदूर दबे
प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र में लखनऊ रोड स्थित चंदापुर गांव के सामने एक कोल्ड स्टोरेज में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Mar 2026 03:50:07 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Mar 2026 03:52:21 PM (IST)
HighLights
- लखनऊ रोड पर चंदापुर गांव के पास है कोल्ड स्टोर
- दबे मलवे से दो लोगों को बाहर निकाला गया
- अधिकतर मजदूर बिहार के सहरसा जिला निवासी
डिजिटल डेस्क। प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र में लखनऊ रोड स्थित चंदापुर गांव के सामने एक कोल्ड स्टोरेज में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के आदर्श कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस से भरा टैंक फटने के बाद इमारत की छत ढह गई, जिससे 15 से अधिक मजदूर मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, अमोनिया गैस के रिसाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने में दिक्कत आ रही है। अब तक मलबे से दो मजदूरों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है।
कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण का कार्य चल रहा था
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ अमोनिया टैंक फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरी छत भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए।
अधिकतर मजदूर बिहार के सहरसा जिले के निवासी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मलबे में फंसे अधिकतर मजदूर बिहार के सहरसा जिले के निवासी हैं। गैस रिसाव के चलते रेस्क्यू टीमों को अंदर जाने में काफी कठिनाई हो रही है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर जुट गए।
लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई
अमोनिया गैस की तेज दुर्गंध के कारण लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई, जिससे कई लोग अपने नाक और मुंह को रुमाल व गमछे से ढंककर खड़े नजर आए। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।