7 मार्च से यात्रा आरंभ, 12 मार्च को लखनऊ में ‘गो प्रतिष्ठा धर्म युद्ध’ का शंखनाद: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गो माता को 'राज्य माता' घोषित करने तथा प्रदेश में बीफ निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर राज्य सरकार ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 02 Mar 2026 03:56:19 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Mar 2026 04:00:43 PM (IST)
HighLights
- राज्य सरकार को दी गई समयसीमा 12 मार्च को समाप्त होगी
- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आंदोलन की रूपरेखा भी साझा की
- यात्रा के दौरान जौनपुर, सुलतानपुर और रायबरेली में जनसभाएं
डिजिटल डेस्क। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने रविवार को घोषणा करते हुए कहा कि गो माता को 'राज्य माता' घोषित करने तथा प्रदेश में बीफ निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर राज्य सरकार को दी गई 40 दिनों की समयसीमा 12 मार्च को समाप्त हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो 12 मार्च को लखनऊ में 'गो प्रतिष्ठा धर्म युद्ध' का शंखनाद किया जाएगा।
चेतावनी के 30 दिन बीत चुके हैं
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बताया कि चेतावनी के 30 दिन बीत चुके हैं और शेष 10 दिनों में निर्णय न होने की स्थिति में इसकी पूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी। केदारघाट स्थित श्रीविद्या मठ में मीडिया से बातचीत करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आंदोलन की रूपरेखा भी साझा की।
उन्होंने बताया कि 6 मार्च को शंकराचार्य घाट पर वीर शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर गंगा पूजन के साथ संकल्प लिया जाएगा।
प्रार्थना के उपरांत यात्रा का विधिवत शुभारंभ
इसके बाद 7 मार्च को श्रीविद्या मठ से प्रस्थान कर संकटमोचन मंदिर में प्रार्थना के उपरांत यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। यात्रा के दौरान जौनपुर, सुलतानपुर और रायबरेली में जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने आगे बताया कि 8 मार्च को मोहनलालगंज, लालगंज, अचलगंज और उन्नाव में कार्यक्रम होंगे। 9 मार्च को उन्नाव, बांगरमऊ, बघौली और नैमिषारण्य में सभाएं आयोजित की जाएंगी। 10 मार्च को सिधौली और इटौंजा होते हुए यात्रा लखनऊ पहुंचेगी।
11 मार्च को शीतलाअष्टमी के अवसर पर आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल में विद्वत सभा का आयोजन किया जाएगा।