डिजिटल डेस्क, कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान कानून-व्यवस्था, विकास और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा और बम बनाने वालों से जुड़ी थी, लेकिन आज वही प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण कर रहा है।
'हमने शोहदों को ठीक किया है'
मुख्यमंत्री ने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, 'हमने शोहदों को ठीक किया है। जो बोली से नहीं माना, वह गोली से जरूर मान गया।' उन्होंने कहा कि पहले बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था, लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।
'बीमारी और माफिया से विकास और रोजगार तक पहुंचा कुशीनगर'
सीएम योगी ने कहा कि कभी इंसेफेलाइटिस, माफिया राज, बेरोजगारी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चर्चा में रहने वाला कुशीनगर आज विकास की नई पहचान बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने इंसेफेलाइटिस और माफिया दोनों पर प्रभावी प्रहार किया है, जिससे जिले में सुरक्षा और निवेश का बेहतर माहौल बना है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले एक दशक में कुशीनगर में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। जिले में हजारों गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और कृषि विश्वविद्यालय का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस कुशीनगर में कभी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और एयरपोर्ट की कल्पना भी मुश्किल थी, वहां आज मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाएं साकार हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
किसानों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया है और समय पर भुगतान सुनिश्चित कराया जा रहा है।
'मच्छर और माफिया, दोनों पर लगी लगाम'
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह इंसेफेलाइटिस का संकट लगभग समाप्त हो गया है, उसी तरह प्रदेश से माफिया राज भी खत्म हुआ है। उन्होंने कहा, "मच्छर बीमारी फैलाता था और माफिया बेरोजगारी। हमारी सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।"
उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश के युवा और बेटियां पुलिस समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं और निवेश से पैदा हो रहे नए रोजगारों का लाभ उठा रहे हैं।
फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव
योगी ने कहा कि फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र भगवान महावीर की विरासत से जुड़कर वैश्विक स्तर पर नई पहचान प्राप्त कर सकेगा।
राम मंदिर पर कांग्रेस और सपा को घेरा
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बने राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सदियों के संघर्ष और करोड़ों लोगों की आस्था की जीत का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद राम मंदिर का निर्माण करा सकती थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी "घोषित रूप से रामद्रोही" रही है और उसने राम मंदिर निर्माण में लगातार बाधाएं खड़ी कीं। हालांकि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प को पूरा करते हुए अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया।
'एक वोट की ताकत से बदली तस्वीर'
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में जनादेश की शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि जनता के एक वोट ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और उत्तर प्रदेश को ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का केंद्र बनाने जैसे बड़े फैसलों को संभव बनाया है।
उन्होंने कहा कि कुशीनगर को अब विकास की राह पर पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने देगी और जिले को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से और मजबूत बनाया जाएगा।
लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र, चेक और टूलकिट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और टूलकिट वितरित किए। मुख्यमंत्री आवास योजना, कॉक्लियर इम्प्लांट योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, फार्मर मशीनरी बैंक, मिलेट्स प्रोत्साहन कार्यक्रम, बाल सेवा योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को मौके पर सहायता प्रदान की गई।