बाबा नीब करौरी के जीवन और चमत्कारों को दुनिया देखेगी बड़े पर्दे पर, बायोपिक अप्रैल में होगी रिलीज, कौन निभा रहा महाराज जी का किरदार?
विश्वविख्यात संत और हनुमान भक्त बाबा नीब करौरी के जीवन और चमत्कारों को अब पूरी दुनिया बड़े पर्दे पर देख सकेगी। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 17 Mar 2026 01:48:27 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Mar 2026 01:52:19 PM (IST)
HighLights
- यह फिल्म जल्द ही रिलीज होने जा रही है
- जन्म से लेकर देह त्याग तक की कहानी
- कैंची धाम, मुंबई और वृंदावन में शूटिंग
डिजिटल डेस्क। विश्वविख्यात संत और हनुमान भक्त बाबा नीब करौरी के जीवन और चमत्कारों को अब पूरी दुनिया बड़े पर्दे पर देख सकेगी। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की ग्राम पंचायत नागऊ के अंतर्गत आने वाले अकबरपुर गांव में वर्ष 1900 में जन्मे बाबा के जीवन पर आधारित यह फिल्म जल्द ही रिलीज होने जा रही है।
पर्यटन विभाग के सहयोग से मुंबई के निर्देशक शरद सिंह ठाकुर 'श्री बाबा नीब करौरी महाराज' शीर्षक से उनकी बायोपिक का निर्माण कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई, प्रयागराज, कैंची धाम और वृंदावन जैसे प्रमुख स्थानों पर पूरी हो चुकी है और इसका पोस्टर भी जारी किया जा चुका है।
बाबा नीब करौरी का किरदार सुबोध भावे निभा रहे हैं
नागऊ निवासी और बाबा के परिवार से जुड़े गोपाल शर्मा के अनुसार, इस फिल्म में बाबा नीब करौरी का किरदार प्रसिद्ध अभिनेता सुबोध भावे निभा रहे हैं। फिल्म को अप्रैल में रिलीज करने की तैयारी है। इसमें बाबा के जन्म से लेकर उनके देह त्याग तक के पूरे जीवन को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया है।
2 घंटे से अधिक लंबी होगी फिल्म
फिल्म का पोस्टर पिछले वर्ष 24 सितंबर को लखनऊ में पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह द्वारा लॉन्च किया गया था। निर्देशक शरद सिंह ठाकुर ने बताया कि लगभग 2 घंटे 27 मिनट की इस फिल्म में सौ साल पुराने दौर को जीवंत दिखाने के लिए कैंची धाम (नैनीताल), मुंबई और वृंदावन में विशेष सेट तैयार किए गए। नागऊ में विकास कार्यों के चलते वहां शूटिंग नहीं हो सकी।
नागऊ में विलेज टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
प्रशासन अब बाबा की जन्मस्थली को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ-साथ विलेज टूरिज्म को भी बढ़ावा दे रहा है। इसका उद्देश्य यह है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भारतीय ग्रामीण जीवनशैली, खानपान और संस्कृति का अनुभव कर सकें। इस दिशा में नागऊ के पांच घरों को होमस्टे के रूप में विकसित कर पर्यटन विभाग में पंजीकृत किया गया है।
बाबा नीब करौरी मंदिर के पास 'जय नारायण शर्मा भवन' नाम से होमस्टे संचालित करने वाले देवेश कुमार शर्मा के अनुसार, पंजीकरण के बाद से अब तक कई लोग यहां ठहर चुके हैं, जहां उन्हें घर जैसा भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि एक दिन का किराया लगभग 1000 रुपये निर्धारित है, हालांकि संचालक अपनी सुविधानुसार इसमें बदलाव कर सकते हैं। फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
करोड़ों रुपये से हो रहा विकास कार्य
बाबा की जन्मस्थली अकबरपुर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। मंदिर का सौंदर्यीकरण पूरा हो चुका है और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए भवन भी तैयार हैं।
इसके अलावा पार्किंग और नई सड़क के निर्माण का कार्य जारी है। अकबरपुर गांव का नाम बदलकर 'बाबा नीब करौरी' रखने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।