
डिजिटल डेस्क, चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के शहाबगंज थानांतर्गत किड़हिरा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बंद पड़े कुएं से खराब सबमर्सिबल पंप निकालने उतरे ग्रामीण जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान मुजसेर आलम, वारिस अली और मोनू के रूप में हुई है। वहीं अचेत हुए शमशेर और मेराज को प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गांव के एक पुराने कुएं में काफी समय से सबमर्सिबल पंप बंद पड़ा था। इसे निकालने के लिए चार लोग बिना किसी सुरक्षा उपकरण के एक-एक कर कुएं के भीतर उतरे। लंबे समय से ढके या बंद रहने के कारण कुएं में जहरीली गैस बनी हुई थी, जिसकी चपेट में आकर सभी बेहोश हो गए।
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का हुजूम जमा हो गया और पुलिस को सूचना दी गई। कुएं के भीतर जहरीली गैस की मौजूदगी के चलते तत्काल बचाव कार्य संभव नहीं हो पा रहा था। इसके बाद कुएं में टेबल फैन चलाकर हवा का बहाव बनाया गया, तब जाकर अचेत पड़े लोगों को बाहर निकाला जा सका।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश-यूपी की 'पावर' डील... 2000 मेगावाट बिजली की खरीद पर बनी सहमति, लखनऊ में हुआ ऐतिहासिक समझौता
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में बिना सुरक्षा मानकों के गहरे और बंद कुएं में उतरने को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद से ही गांव में मातमी सन्नाटा फैला हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।