यूपी में निकाह के बाद छुहारे को लेकर बवाल, जमकर चले लाठी-डंडे, चार घायल, पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा
उत्तर प्रदेश के अशरफपुर फैजगंज गांव में मंगलवार शाम निकाह की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गईं, जब छुहारे बांटने के दौरान छीना-झपटी शुरू हो गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 02 Apr 2026 03:09:08 PM (IST)Updated Date: Thu, 02 Apr 2026 03:09:58 PM (IST)
Image source: AI Generated डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के अशरफपुर फैजगंज गांव में मंगलवार शाम निकाह की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गईं, जब छुहारे बांटने के दौरान छीना-झपटी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में चार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को इलाज के लिए जोया स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
छुहारे बांटने की रस्म के दौरान ही विवाद शुरू हुआ
जानकारी के मुताबिक, संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के धकतोड़ा गांव निवासी सत्तार के बेटे नजरे आलम की बारात अशरफपुर फैजगंज गांव आई थी, जहां उनका निकाह मारूफ की बेटी से हुआ। निकाह के बाद छुहारे बांटने की रस्म के दौरान ही विवाद शुरू हो गया।
मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह बलियान ने बताया कि छुहारे बांटने को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई है। पुलिस को तहरीर मिल गई है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घायलों में बराती फुरकान (सुंदरनगरी, दिल्ली), मोहम्मद हसन, इरफान और शाहरूख (नूरपुर तुगलकाबाद) शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है।