गुस्से में अंधी हुई कलयुगी मां ने चार साल की बेटी का गला घोंटा, मायके जाने को लेकर पति संग हुआ था विवाद
यूपी के जालौन के एक गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मायके जाने की जिद और पैसों के विवाद को लेकर एक मां ने गुस्से में आकर अपनी ही चार ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 03:19:23 PM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 03:24:00 PM (IST)
उरई में मां ने 4 साल की बेटी की ले ली जानHighLights
- उरई में मां ने 4 साल की बेटी की ले ली जान
- पति संग मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद
- खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र अंतर्गत अकबरपुर इटौरा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मायके जाने की जिद और पैसों के विवाद को लेकर एक मां ने गुस्से में आकर अपनी ही चार साल की मासूम बेटी नैना की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
एक हफ्ते से चल रहा था विवाद
ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी राजकुमार मजदूरी करके अपनी पत्नी विनीता और तीन बच्चों (12 वर्षीय मयंक, 8 वर्षीय उमंग और 4 वर्षीय नैना) का भरण-पोषण करता था। विनीता बच्चों की गर्मियों की छुट्टियां होने पर अपने मायके जालौन जाना चाहती थी। वह पति और सास से मायके जाने के लिए रुपयों की मांग कर रही थी।
पति राजकुमार ने कहा कि अभी मजदूरी का पैसा नहीं मिला है, जैसे ही पैसे मिलेंगे वह उसे मायके भेज देगा। पैसों की तंगी के कारण पिछले एक सप्ताह से दोनों के बीच लगातार कहासुनी हो रही थी। गुरुवार की रात को भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी।
कमरे में लेटी बच्ची को उतारा मौत के घाट
शुक्रवार की सुबह एक बार फिर मायके जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हुआ। इसी दौरान गुस्से से अंधी हो चुकी विनीता ने कमरे में लेटी अपनी चार वर्षीय बेटी नैना का बेरहमी से गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल: बंद कमरे में तेज म्यूजिक बजाकर फंदे पर झूला युवक, इलाज के दौरान तोड़ा दम
हत्या के बाद जब विनीता रोने लगी, तो पति भागकर कमरे के अंदर पहुंचा। वहां नैना का शव देख उसके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और हर कोई इस कलयुगी मां को कोसने लगा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी मां विनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।