उरई में दर्दनाक हादसा, घर के बाहर खेल रही मासूम ढलान से फिसली, बैक करते समय ट्रैक्टर ने कुचला
घर के दरवाजे पर खेल रही एक साल की मासूम बच्ची फिसलकर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 31 Mar 2026 06:22:54 PM (IST)Updated Date: Tue, 31 Mar 2026 06:22:54 PM (IST)
उरई में दर्दनाक हादसा।HighLights
- घर के बाहर खेल रही मासूम ढलान से फिसली।
- बैक करते समय ट्रैक्टर ने बच्ची को कुचल दिया।
- उरई रेलवे स्टेशन पर भी हुआ बड़ा हादसा।
डिजिटल डेस्क। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़ोरी में मंगलवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। घर के दरवाजे पर खेल रही एक साल की मासूम बच्ची फिसलकर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोरी निवासी नाजरीन मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे घर के कामकाज में व्यस्त थी। उनकी एक वर्षीय पुत्री अनाविया घर के दरवाजे के पास बनी ढलान (रैंप) पर खेल रही थी। मासूम के पिता शकील शाह ने बताया कि उन्होंने पड़ोस के राघवेंद्र से ट्रैक्टर के जरिए भूसा मंगवाया था।
जब चालक भूसा लेकर पहुंचा और ट्रॉली को दरवाजे के पास लगाने के लिए ट्रैक्टर को 'बैक' करने लगा, तभी अनाविया अचानक ढलान से फिसलकर नीचे गिर गई। चालक मासूम को देख नहीं पाया और ट्रैक्टर का भारी पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया। हादसे में मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी इंचार्ज ब्रजेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने परिजनों से बातचीत की, हालांकि परिजनों ने ट्रैक्टर चालक या मालिक के खिलाफ फिलहाल कोई कानूनी तहरीर (शिकायत) नहीं दी है। मासूम की मौत से मां नाजरीन और पिता शकील का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से दुकानदार की मौत
उरई रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात एक और दुखद घटना घटी, जहाँ झांसी के एक व्यापारी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान झांसी जनपद के बंगरा निवासी 57 वर्षीय हरीशंकर वर्मा के रूप में हुई है। हरीशंकर की बंगरा में ही कॉपी-किताबों की दुकान है और वह सोमवार रात सामान लेने के लिए कानपुर जाने हेतु निकले थे।
प्लेटफार्म बदलते समय हुई चूक
बताया जा रहा है कि रात करीब 2:00 बजे उरई स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद हरीशंकर प्लेटफार्म नंबर एक से दो की ओर पटरी पार करके जा रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही कुशीनगर एक्सप्रेस की चपेट में वह आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी (GRP) ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। शिनाख्त होने के बाद परिजन उरई पहुंचे, जहाँ कोहराम मच गया।