
डिजिटल डेस्क। आगरा में चल रहे जनगणना अभियान के दौरान प्रगणकों को सिर्फ आबादी से जुड़ी जानकारी ही नहीं मिल रही, बल्कि लोगों की निजी परेशानियां और स्थानीय समस्याएं भी सुनने को मिल रही हैं। कई नागरिक जनगणना टीम को अपनी शिकायतें बताकर समाधान की उम्मीद जता रहे हैं।
बहू के व्यवहार की शिकायत
जयपुर हाउस क्षेत्र में एक घर पर पहुंची जनगणना टीम को उस समय अलग स्थिति का सामना करना पड़ा, जब एक बुजुर्ग महिला ने सवालों के जवाब देते-देते अपनी बहू के व्यवहार की शिकायत शुरू कर दी। महिला का कहना था कि परिवार में उनकी और उनके पति की ठीक से देखभाल नहीं होती। उन्होंने अपनी परेशानी को दर्ज करने की भी मांग की।
मंटोला इलाके में एक महिला ने जनगणना के सवालों से पहले अपनी राशन संबंधी समस्या उठाई। उनका कहना था कि कई वर्षों से उन्हें सरकारी राशन नहीं मिल रहा है। इसी तरह शहर के अन्य इलाकों में लोगों ने पेयजल संकट, टूटी सड़कें, जाम नालियां और सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
सुविधाओं की कमी का मुद्दा
आवास विकास, शास्त्रीपुरम और बोदला जैसे क्षेत्रों में भी जनगणना कर्मचारियों के सामने नागरिकों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा रखा। कई लोगों का कहना था कि उनके क्षेत्रों में लंबे समय से सड़कें खराब हैं और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।
कुछ घरों में बुजुर्ग महिलाओं ने पारिवारिक उपेक्षा की शिकायतें भी साझा कीं। किसी ने समय पर भोजन न मिलने की बात कही तो किसी ने अपनी पसंद-नापसंद का सम्मान न किए जाने की शिकायत की। हालांकि जनगणना प्रक्रिया में ऐसी बातों को दर्ज करने का कोई प्रावधान नहीं है, फिर भी कई बार कर्मचारियों को लोगों की बातें अलग से नोट करनी पड़ रही हैं।
घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर रहे
जिले में करीब आठ हजार प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर रहे हैं। यह अभियान 20 जून तक चलेगा। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना का उद्देश्य केवल निर्धारित जानकारी जुटाना है, इसलिए व्यक्तिगत शिकायतों को आधिकारिक रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं बनाया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना से जुड़े सभी प्रश्नों के सही जवाब दें। अधिकारियों के अनुसार, नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- आंधी, बारिश और वज्रपात का कहर : कई राज्यों में तबाही, UP में 20 और बिहार में 14 लोगों की मौत से मचा हड़कंप