कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दो पायलटों की मौत, गंगा बैराज के पास हादसे से मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार सुबह ट्रेनिंग उड़ान के दौरान एक चार सीटर एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
Publish Date: Thu, 27 Aug 2026 01:48:51 PM (IST)Updated Date: Thu, 27 Aug 2026 01:48:51 PM (IST)
HighLights
- कानपुर कैंट से भरी थी उड़ान
- हादसे में दोनों पायलटों की मौत
- हादसे की वजह अभी साफ नहीं
डिजिटल डेस्क, कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार सुबह ट्रेनिंग उड़ान के दौरान एक चार सीटर एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्था पुरवा में हुए इस हादसे में विमान सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
कानपुर कैंट से भरी थी उड़ान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एयरक्राफ्ट ने गुरुवार सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर कैंट क्षेत्र से ट्रेनिंग उड़ान के लिए टेकऑफ किया था। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान नत्था पुरवा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। विमान के गिरते ही तेज आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही विमान के मलबे को सुरक्षित किया गया।
हादसे में दोनों पायलटों की मौत
दुर्घटना में जान गंवाने वाले पायलटों की पहचान *गुजरात निवासी सुमित भाटिया और कर्नाटक निवासी अभिषेक पुजारी* के रूप में हुई है। सुमित भाटिया प्रशिक्षक पायलट थे और उनके पास करीब तीन हजार घंटे का प्रशिक्षण अनुभव बताया जा रहा है।
वहीं अभिषेक पुजारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। दोनों की हादसे में मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गर्ग एविएशन के प्रशिक्षण कार्यक्रम में इस्तेमाल हो रहा था विमान
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त एयरक्राफ्ट गर्ग एविएशन के प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा था। यह चार सीटर विमान इटली की विमान निर्माता कंपनी टेकनम का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2023 से इस विमान का इस्तेमाल कानपुर में पायलट प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा था।
हादसे की वजह अभी साफ नहीं
विमान दुर्घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। संबंधित विमानन अधिकारियों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे को सुरक्षित कर लिया गया है। विस्तृत तकनीकी जांच और अन्य जांच प्रक्रियाओं के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।