राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बाद ट्रस्ट सख्त, दान और रसीद का पूरा ब्योरा वेबसाइट पर डालने की तैयारी
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैया...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 16 Jul 2026 02:54:49 PM (IST)Updated Date: Thu, 16 Jul 2026 02:56:02 PM (IST)
HighLights
- चढ़ावा चोरी मामले में जांच जारी
- 6 जून को सामने आया था मामला
- आरोपितों से पूछताछ में मिले नए सुराग
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, 22 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक के बाद मंदिर में मिलने वाले दान, उसकी रसीद और आय-व्यय का विस्तृत विवरण एक नई वेबसाइट के माध्यम से सार्वजनिक किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि ट्रस्ट नियमित रूप से दान की राशि, प्राप्तियों और खर्च का पूरा लेखा-जोखा आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं के बीच पारदर्शिता बढ़ाना और भविष्य में किसी भी तरह के वित्तीय विवाद या संदेह की स्थिति से बचना है। हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
चढ़ावा चोरी मामले में जांच जारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच फिलहाल दो स्तरों पर चल रही है। एक ओर एसआईटी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है, वहीं पुलिस भी अलग से जांच में जुटी है। अब तक इस मामले में आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
6 जून को सामने आया था मामला
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला 6 जून को उजागर हुआ था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। पुलिस ने दान की गणना प्रक्रिया से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। अब ट्रस्ट की ओर से प्रस्तावित पारदर्शिता संबंधी कदम को इसी पूरे घटनाक्रम के बाद एक महत्वपूर्ण सुधारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
रिमांड पर आरोपितों से पूछताछ में मिले नए सुराग
बुधवार को पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपित रमाशंकर मिश्र और सुभाष श्रीवास्तव से गहन पूछताछ की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों के बयानों से कुछ नए तथ्य सामने आए हैं, जो विवेचना की दिशा बदल सकते हैं। पुलिस अब इन बयानों की सत्यता का विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर मिलान कर रही है।
पूछताछ के दौरान पुलिस रमाशंकर मिश्र को उसके अयोध्याधाम स्थित मीरापुर डेराबीबी मोहल्ले के आवास पर भी लेकर गई, जहां उससे और उसके परिजनों से पूछताछ की गई तथा कुछ आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। स्थानीय स्तर पर नकदी और आभूषण मिलने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी भी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।