US-Israel-Iran War: अखिलेश यादव ने केंद्र से पूछा सवाल, सरकार बताए युद्ध के साथ खड़ी है या शांति के पक्ष में
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्य पूर्व (middle east) में जारी युद्ध जैसे हालात पर केंद्र सरकार से स्पष्ट रुख की मांग की है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 02 Mar 2026 03:06:54 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Mar 2026 03:17:48 PM (IST)
HighLights
- अखिलेश ने केंद्र सरकार से स्पष्ट रुख की मांग की
- कौन से ठोस कूटनीतिक प्रयास कर रहा भारत
- जानकारी पारदर्शिता के साथ सामने रखनी चाहिए
डिजिटल डेस्क। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्य पूर्व (middle east) में जारी युद्ध जैसे हालात पर केंद्र सरकार से स्पष्ट रुख की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में भारत सरकार को देश और दुनिया के सामने यह साफ करना चाहिए कि वह युद्ध के साथ खड़ी है या शांति के पक्ष में।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब किसी देश में खास लोगों से लेकर आम नागरिकों तक पर जानलेवा हमले हो रहे हों, तब चुप्पी उचित नहीं मानी जा सकती।
कौन से ठोस कूटनीतिक प्रयास कर रहा भारत
अखिलेश ने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में भारत जैसे बड़े और प्रभावशाली देश की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तटस्थ राष्ट्र होने के नाते भारत युद्ध को रोकने और शांति स्थापित करने के लिए कौन से ठोस कूटनीतिक प्रयास कर रहा है।
मारे जा रहे लोगों से जुड़ी खबरों की पुष्टि की जानी चाहिए
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि युद्ध में मारे जा रहे लोगों से जुड़ी खबरों की हर स्तर पर पुष्टि की जानी चाहिए और सरकार को तथ्यात्मक जानकारी पारदर्शिता के साथ जनता के सामने रखनी चाहिए। अफवाहों और अधूरी सूचनाओं से भ्रम की स्थिति पैदा होती है, जो किसी भी लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसी भी संघर्ष में सबसे बड़ी क्षति इंसानियत की होती है। जब निर्दोष लोगों की जान जाती है तो वह केवल एक देश का नहीं, बल्कि पूरी मानवता का नुकसान होता है। उन्होंने सभी देशों से जिम्मेदार और संयमित व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि विश्व समुदाय को युद्ध नहीं, बल्कि शांति और संवाद का रास्ता चुनना चाहिए।