डिजिटल डेस्क। केंद्रीय बजट 2026-27 (Union Budget 2026-27) में उत्तर प्रदेश को कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए यूपी के लिए हाईस्पीड रेल नेटवर्क, महिलाओं की शिक्षा-सुरक्षा, औद्योगिक निवेश और तीर्थ स्थलों के विकास से जुड़े बड़े ऐलान किए।
1500 किमी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर
बजट में वाराणसी-सिलीगुड़ी रेल कॉरिडोर और दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है। इन परियोजनाओं के तहत उत्तर प्रदेश को कुल 1500 किलोमीटर लंबाई के हाईस्पीड रेल कॉरिडोर मिलेंगे। इससे उत्तर भारत और पूर्वोत्तर भारत के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के प्रमुख शहर तेज़ और आधुनिक रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे। यात्रा समय में कमी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वाराणसी, प्रयागराज, पटना और सिलीगुड़ी जैसे धार्मिक, शैक्षिक और व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंच और सुगम होगी।
विश्वस्तरीय रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर
रेलवे के लिए पूंजीगत व्यय बढ़ाए जाने से नई रेल लाइनों का निर्माण, ट्रैक डबलिंग-ट्रिपलिंग, पूर्ण विद्युतीकरण, आधुनिक सिग्नल सिस्टम और विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशनों का विकास किया जाएगा। साथ ही, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क और फ्रेट टर्मिनल माल ढुलाई को सस्ता और तेज बनाएंगे।
वाराणसी और सिलीगुड़ी को होगा खास फायदा
यह परियोजना वाराणसी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। पर्यटन, विरासत संरक्षण और ओडीओपी उत्पादों को बढ़ावा मिलने से काशी के उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
वहीं, पूर्वोत्तर भारत के प्रवेश द्वार सिलीगुड़ी को भी बड़ा लाभ मिलेगा। चाय उद्योग, सीमावर्ती व्यापार और पर्यटन को इससे सीधा फायदा होगा। कुल मिलाकर, दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी रेल कॉरिडोर क्षेत्रीय संतुलन और आर्थिक विकास को मजबूती देगा।
75 जिलों में बनेंगे गर्ल्स हॉस्टल
महिलाओं के सामाजिक और शैक्षिक सशक्तिकरण के लिए उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक-एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है। इससे दूर-दराज़ क्षेत्रों से पढ़ाई या नौकरी के लिए आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलेगा।
यूपी को 10 हजार करोड़ का विशेष पैकेज
कंटेनर निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपये का विशेष बजट आवंटित किया गया है। इसके साथ ही सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के तहत नोएडा में अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर पार्क विकसित किया जाएगा। इससे राज्य में बड़े निवेश आएंगे और हाई-टेक सेक्टर में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
तीर्थ स्थलों और शहरों का होगा विकास
5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा, जिनमें अयोध्या, गोरखपुर सहित करीब 15 शहर शामिल हैं। इसके अलावा, छोटे तीर्थ स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
बजट पर सियासी प्रतिक्रियाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट को उम्मीदों और महत्वाकांक्षाओं से भरा बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को तेज़ी से आगे बढ़ाएगा। आयुष, स्वास्थ्य सेवाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
वहीं, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बजट पर तंज कसते हुए इसे “सपने बेचने वाला” बताया। उन्होंने कहा कि जो सरकार अपनी पुरानी घोषणाएं पूरी नहीं कर पाई, उससे नई उम्मीदें रखना बेकार है।