उत्तर प्रदेश के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी
उमाशंकर सिंह, जो रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं, के लखनऊ और बलिया स्थित आवास व प्रतिष्ठानों पर बुधवार सुबह आयकर विभाग ने व्यापक छापेमारी की। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 25 Feb 2026 03:05:50 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Feb 2026 03:08:17 PM (IST)
उत्तर प्रदेश के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारीHighLights
- रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं
- गोमती नगर स्थित विधायक आवास पहुंचीं
- 50 से ज्यादा अधिकारियों की टीम
डिजिटल डेस्क। उमाशंकर सिंह, जो रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं, के लखनऊ और बलिया स्थित आवास व प्रतिष्ठानों पर बुधवार सुबह आयकर विभाग ने व्यापक छापेमारी की। आयकर विभाग की टीमें सुबह करीब सात बजे तीन गाड़ियों से गोमती नगर स्थित विधायक आवास पहुंचीं। बताया जा रहा है कि तीन दर्जन से अधिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
करीब 50 से ज्यादा अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की गहन जांच में जुटी है। छापेमारी के दौरान आवास पर आने-जाने पर अस्थायी रोक लगा दी गई। कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की भी सूचना है।
बलिया समेत अन्य स्थानों पर भी जांच
सूत्रों के अनुसार, लखनऊ के अलावा बलिया और अन्य संबंधित ठिकानों पर भी एक साथ कार्रवाई की गई। बलिया स्थित आवास और एक प्लांट परिसर में भी अधिकारियों ने जांच शुरू की। स्थानीय पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। प्लांट के बाहर गेट बंद कर दिया गया है और किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही।
स्वास्थ्य कारणों से चर्चा में विधायक
उमाशंकर सिंह 2022 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर लगातार तीसरी बार विधायक बने थे। वह गंभीर रूप से कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ स्थित आवास पर रहकर उपचार करा रहे हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक उनकी तबीयत फिलहाल ठीक नहीं है।
विजिलेंस जांच से जुड़ा मामला?
पिछले वर्ष विजिलेंस विभाग ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में जांच शुरू की थी। हालांकि, आयकर विभाग की ताजा छापेमारी का उस जांच से सीधा संबंध है या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और आगे और खुलासे संभव हैं।