लखनऊ में सड़क किनारे सो रहे कुत्ते पर कई बार चढ़ाई कार, दर्द से तड़पा
लखनऊ की कृष्ण विहार कॉलोनी में कार चालक द्वारा कुत्ते को कुचलने का वीडियो वायरल हुआ। पशु प्रेमियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 08 May 2026 03:04:16 PM (IST)Updated Date: Fri, 08 May 2026 03:04:16 PM (IST)
कार चालक की संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। (फोटो- जागरण)HighLights
- वायरल वीडियो में कार कुत्ते के ऊपर चढ़ती दिखी।
- घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश देखने मिला।
- पशु संस्था ने पीजीआई थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एजेंसी, लखनऊ। रायबरेली रोड स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी में एक कार चालक की कथित संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
वीडियो में एक लाल रंग की कार सड़क किनारे लेटे कुत्ते के ऊपर चढ़ती नजर आ रही है। हादसे के बाद कुत्ता तड़पने लगता है, लेकिन आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बाद दोबारा उसी कुत्ते के ऊपर वाहन चढ़ा दिया।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सोमवार दिन की बताई जा रही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे जानबूझकर की गई हरकत बताया है। इंटरनेट मीडिया पर कई यूजर्स ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पशु प्रेमियों में नाराजगी
मामले को लेकर पशु संरक्षण से जुड़ी संस्था मासूम फाउंडेशन की डायरेक्टर नेहा जैदी ने पीजीआइ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि यह अमानवीय कृत्य है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस जुटी जांच में
इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर कार्रवाई की जाएगी।