
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG Re-Exam 2026) में 21 जून को दोबारा शामिल होने वाले छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। परीक्षा में पचहुंने वाले अभ्यर्थियों की यात्रा को आसान बनाने के लिए रेलवे (Special Train) और रोडवेज (Bus Fare) ने विशेष व्यवस्था की है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA Latest Update) ने छात्रों को किसी भी तरह के झूठे संदेश और दुष्प्रचार से बचने की सलाह दी है।
छात्रों को सही जानकारी पहुंचाने के लिए NTA ने व्हाट्सएप चैनल शुरू किया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उसके आधिकारिक व्हाट्सएप संदेश केवल सत्यापित नंबर +91-7827980287 से ही भेजे जाएंगे। NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि किसी भी संदेश पर भरोसा करने से पहले व्हाट्सएप का सत्यापित ब्लू टिक और NTA के नाम की जांच जरूर करें।
NTA ने साफ किया है कि 3 मई को हुई NEET-UG परीक्षा के पुराने प्रवेश-पत्र 21 जून की दोबारा होने वाली परीक्षा में मान्य नहीं होंगे। कई उम्मीदवारों को नए परीक्षा शहरों में केंद्र आवंटित किए गए हैं, इसलिए नए एडमिट कार्ड लेकर जाना जरूरी होगा।
📢 NEET (UG) 2026 — Official WhatsApp Updates
NTA is now sending exam updates & centre information to candidates directly on WhatsApp for the re-examination on Sunday, 21 June 2026.
How to know it's really us:
✅ Only from our verified account: +91 78279 80287
✅ Look for the…
— National Testing Agency (@NTA_Exams) June 19, 2026
NTA ने बताया कि 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा के लिए अब तक करीब 20 लाख छात्रों ने अपने प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लिए हैं। इस बार NEET-UG परीक्षा के लिए लगभग 22 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने नए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं, उन्हें इसे दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है।
20 जून: गाड़ी संख्या 06801 कोरबा-दुर्ग स्पेशल सुबह 10:00 बजे कोरबा से छूटकर शाम 4:15 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 06802 दुर्ग-कोरबा स्पेशल शाम 7:05 बजे दुर्ग से रवाना होकर रात 12:45 बजे कोरबा पहुंचेगी।
21 जून: गाड़ी संख्या 06803 कोरबा-दुर्ग स्पेशल सुबह 4:00 बजे कोरबा से चलकर सुबह 10:50 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 06804 दुर्ग-कोरबा स्पेशल शाम 7:05 बजे दुर्ग से चलकर रात 12:45 बजे कोरबा पहुंचेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल ने NEET परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए विशेष अनारक्षित परीक्षा ट्रेन चलाने का फैसला किया है। गाड़ी संख्या 05162 स्पेशल ट्रेन प्रयागराज रामबाग से गोरखपुर के बीच संचालित होगी।
यह विशेष ट्रेन 20 और 21 जून को रात 8 बजे प्रयागराज रामबाग स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। ट्रेन छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।
It is clarified that those who have already downloaded their Admit Cards for the 21st June NEET UG Examination need not do it again. The SMS/Email/WhatsApp messages are primarily for those students who are yet to download their new Admit Cards. The 3rd May Admit Cards won't be…
— National Testing Agency (@NTA_Exams) June 19, 2026
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अनुसार, यह ट्रेन रास्ते में बनारस, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा और थावे सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इससे अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी।
इसके अलावा वाराणसी सिटी स्टेशन पर कुछ नियमित ट्रेनों जैसे 19489, 11071 और 15268 को अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है, ताकि छात्रों को यात्रा में परेशानी का सामना न करना पड़े।
NEET परीक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग और उत्तर मध्य रेलवे भी अलर्ट मोड पर हैं। प्रयागराज और कानपुर में लगभग 42 हजार अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रैक सुरक्षित रखे हैं।
अगर यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इन अतिरिक्त रैक को ‘ऑन डिमांड’ पटरी पर उतारा जाएगा। इससे परीक्षा के बाद छात्रों की वापसी में भी सुविधा मिलेगी।