ओम प्रकाश राजभर बोले- सपा में अब बगावत तय, जमीन पूरी तरह तैयार हो चुकी है, बताया किस जिले का नेता संभालेगा बागियों की कमान
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा में टूट होना अब तय है और इसके लिए जमीन पूरी तरह तैयार हो चुकी ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 18 Jun 2026 02:02:17 PM (IST)Updated Date: Thu, 18 Jun 2026 02:09:18 PM (IST)
HighLights
- अखिलेश को ‘सांसद बचाओ अभियान’ शुरू कर देना चाहिए
- बोले- टूट की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी
- गुट को नेतृत्व देने के लिए एक बड़ा चेहरा सामने आ चुका है
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) में बड़ी टूट होने के अपने दावे को एक बार फिर दोहराया है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राजभर ने कहा कि सपा में टूट होना अब तय है और इसके लिए जमीन पूरी तरह तैयार हो चुकी है।
राजभर ने दावा किया कि सपा के भीतर असंतुष्ट सांसदों और नेताओं के एक गुट को नेतृत्व देने के लिए एक बड़ा चेहरा सामने आ चुका है। उन्होंने संकेत दिया कि यह नेता उत्तर प्रदेश की राजनीतिक रूप से चर्चित ‘बागी भूमि’ बलिया से जुड़ा हुआ है।
टूट की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी
अपने पोस्ट में राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी में संभावित टूट की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी, लेकिन हाल ही में हुई एक घटना ने इस प्रक्रिया को और तेज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 17 जून को सपा कार्यालय में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान ब्राह्मण समाज का अपमान किया गया, जिससे पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता नाराज हैं।
अब टूट को टालना मुश्किल है
राजभर के मुताबिक, इस घटना से बलिया क्षेत्र से जुड़े सपा के सांसद और वरिष्ठ नेता विशेष रूप से आहत हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी के बाद पार्टी के भीतर बगावत की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया और अब टूट को टालना मुश्किल है।
अखिलेश को ‘सांसद बचाओ अभियान’ शुरू कर देना चाहिए
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आते ही पूरा सैफई परिवार सफाई देने और विरोधियों पर हमला करने में जुट गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अब सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस की राजनीति छोड़कर ‘सांसद बचाओ अभियान’ शुरू कर देना चाहिए।
एक दिन पहले भी किया था बड़ा दावा
गौरतलब है कि 17 जून को भी ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने का दावा किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा था कि इस संबंध में सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। राजभर के इस दावे के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव ने भी उनके आरोपों पर पलटवार किया था।