
नईदुनिया प्रतिनिधि, मेरठ। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार मिल रही असफलता को ढाल बनाकर निरंतर प्रयास करने वाले मेरठ के प्रत्यूष शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। शुक्रवार को घोषित हुए अंतिम परिणाम में प्रत्यूष ने ऑल इंडिया 92वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार और मेरठ शहर का नाम रोशन किया है।
प्रत्यूष शर्मा का परिवार मेरठ के शास्त्रीनगर में निवास करता है, जबकि उनका मूल निवास स्थान अलीगढ़ है। वर्तमान में वे भारतीय खाद्य निगम (FCI) में कार्यरत हैं। अपनी नौकरी के व्यस्त दिनचर्या और जिम्मेदारियों के बावजूद प्रत्यूष ने अपने सपने को ओझल नहीं होने दिया। उन्होंने प्रतिदिन अनुशासित अध्ययन और कड़े परिश्रम के बल पर अपनी तैयारी जारी रखी।
प्रत्यूष की यह सफलता रातों-रात नहीं मिली है। इससे पूर्व उन्होंने CDS और AFCAT जैसी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में कई बार सफलता की दिशा में कदम बढ़ाया था। वे इन परीक्षाओं के साक्षात्कार (इंटरव्यू) चरण तक पहुँचे, लेकिन अंतिम सूची में उनका चयन नहीं हो सका। इन असफलताओं से हताश होने के बजाय उन्होंने अपनी कमियों का विश्लेषण किया और अपनी अध्ययन रणनीति में सुधार किया।

फोटो- प्रत्यूष शर्मा अपनी फैमिली के साथ
प्रत्यूष की यह उपलब्धि दर्शाती है कि परीक्षाओं में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि धैर्य, निरंतरता और असफलता से सीखने के साहस से मिलती है। 92वीं रैंक हासिल कर उन्होंने साबित किया कि निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। उनकी सफलता पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है।