लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: कंटेनर से भिड़ी बस बनी आग का गोला, ड्राइवर जिंदा जला; दो दर्जन यात्री झुलसे
Bus Accident: लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में कंटेनर से टकराने के बाद बस में आग लग गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 22 May 2026 07:21:18 AM (IST)Updated Date: Fri, 22 May 2026 07:21:18 AM (IST)
लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कंटेनर से टकराने के बाद बस में लगी आगHighLights
- कंटेनर से भिड़ते ही बस में लगी भीषण आग
- ड्राइवर स्टियरिंग में फंसे, जिंदा जलकर हुई मौत
- हादसे में दो दर्जन यात्री झुलसे, कई गंभीर घायल बताए
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात करीब दो बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना (Road Accident) हो गई। मटसेना थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 46 किलोमीटर पर कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक बस आगे चल रहे कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और कुछ ही देर में उसमें भीषण आग लग गई।
चालक शंभू की जिंदा जलकर मौत
हादसे के दौरान बस चालक शंभू स्टियरिंग में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। घटना के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
दो दर्जन यात्री झुलसे, कई की हालत गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में करीब दो दर्जन यात्री झुलस गए, जिनमें एक दर्जन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी और सीएफओ सत्येंद्र पांडे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।