

डिजिटल डेस्क, चंदौसी: 15 अगस्त शनिवार के दिन पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा था। इस पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के चंदौसी से सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया है। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर डाल निवासी युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाकिस्तानी झंडे और देशभक्ति के साथ स्टेटस पोस्ट कर दिया था। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित युवक की तलाश शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो के अनुसार, दावा किया जा रहा है कि फतेहपुर डाल निवासी तालिब खान ने आजादी के दिन 15 अगस्त को यह विवादित स्टेटस लगाया था। दोपहर दो बजे के आसपास पुलिस को जानकारी मिलने के बाद कुढ़ फतेहगढ़ थाना पुलिस जांच के लिए आरोपित के घर पर पहुंची थी। इस दौरान पुलिस को युवक घर पर नहीं मिला। थाना प्रभारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि इस पूरे मामले को लेकर शिकायत दर्ज कर ली गई है। विवादित स्टेटस लगाने वाले आरोपित तालिब की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भदोही में डेटिंग एप से शुरू हुई दोस्ती, मिलने पहुंचे युवक को बनाया बंधक, 20 हजार रुपये वसूले
मूंगफली बेचने का काम करता है आरोपित
पुलिस टीम जब आरोपित के घर पहुंची तो वहां पर उसके पिता मिले। तालिब के पिता ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर मूंगफली बेचने का काम करता है और इसके अलावा मौसम के अनुसार मजदूरी करता है। वह राजधानी दिल्ली में यह काम काफी समय से कर रहा है। बेटे द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई विवादित स्टोरी की उनको कोई जानकारी नहीं है।
विवादित पोस्ट को हटाया गया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और आगे के निर्देशों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि विवादित फोटो और स्टेटस लोगों के संज्ञान में आने के बाद तुरंत उसको हटवा दिया गया है। विवादित पोस्ट सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैलना शुरू हो गया था।