
डिजिटल डेस्क। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस चालक को झपकी लगने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में बिहार प्रांत के एक दारोगा और कैदी समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। हादसे में जान गंवाने वालों में बिहार प्रांत के दारोगा रामचंद्र भी शामिल हैं। बताया गया कि वह एक कैदी छत्रपाल को बिहार के सिवान से दिल्ली लेकर गए थे और बयान दर्ज कराने के बाद वापस बिहार लौट रहे थे।
यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री खिड़कियों से उछलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खंती में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के लगभग आठ मिनट बाद यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
#WATCH | Unnao, UP | Auras Community Health Centre In-Charge Dr Anoop Tiwari says, "At 5.30 AM, a call was received from UPDA informing that a bus on the Agra Expressway had collided with a divider. Immediate action was taken by activating the management team. Casualties started… https://t.co/M5sUKAxuwS pic.twitter.com/7HF6BfkFCn
— ANI (@ANI) May 26, 2026
सूचना मिलने पर औरास पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बिहार के दारोगा, कैदी समेत छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
एएसपी शैलेंद्र लाल सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस और यूपीडा ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया।