
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 22 जून को फिरोजाबाद के उसायनी क्षेत्र में आ रहे हैं। इस दौरान वे प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित 568 तैयार मकानों का लोकार्पण करेंगे और उन्हें आवंटियों को सौंपेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री क्षेत्र के कुछ अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का आधिकारिक प्रोटोकॉल आते ही जिला प्रशासन और नगर निगम अमला पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शुक्रवार को जिलाधिकारी (डीएम), नगर आयुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट सहित जिले के तमाम आला अधिकारियों ने आयोजन स्थल का मौका मुआयना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के चौपर के लिए सुरक्षित हेलीपैड बनाने के उद्देश्य से जमीन की तलाश की गई। वहीं दूसरी ओर, उसायनी में बने इन नवनिर्मित आवासों को अंतिम रूप देने के लिए देर रात तक साफ-सफाई, पुताई और सौंदर्यीकरण का काम जारी रहा।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने मार्च 2019 में शहरी क्षेत्र के बेघर परिवारों के लिए इस आवासीय योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण (विप्रा) ने पहले फेज में गाजियाबाद की दो निर्माण कंपनियों के माध्यम से इन 568 मकानों को तैयार करवाया था।
हालांकि, निर्माण कार्य काफी समय पहले पूरा हो जाने के बावजूद लोकार्पण न होने की वजह से आवंटियों को इनका कब्जा नहीं मिल पा रहा था। आशियाने की आस में गरीब परिवार पिछले ढाई साल से विकास प्राधिकरण के दफ्तर के चक्कर काट रहे थे। अब मुख्यमंत्री के हाथों उद्घाटन होने से इन परिवारों के गृह प्रवेश का रास्ता साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक चलेगी रैपिड रेल, सीएम योगी बोले-आउटर रिंग रोड का भी निर्माण कराया जाएगा
विप्रा के उपाध्यक्ष प्रशांत नागर ने इन तैयार आवासों के हैंडओवर और लोकार्पण के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया था, जिसके बाद यह कार्यक्रम तय हुआ है। भाजपा के जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जून को सुबह करीब 11:15 बजे उसायनी पहुंचेंगे, जहां वे इस मुख्य परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों की सौगात जनता को देंगे।