डिजिटल डेस्क। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे के पहले ही दिन उत्तर प्रदेश को बड़े औद्योगिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। विभिन्न जापानी कंपनियों के साथ लगभग 11,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे राज्य में विनिर्माण और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इन समझौतों के तहत कृषि यंत्र निर्माण, औद्योगिक मशीनरी, जल एवं पर्यावरण अवसंरचना, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, औद्योगिक प्रिंटिंग, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे विविध क्षेत्रों में निवेश प्रस्तावित हैं। इससे प्रदेश की विनिर्माण क्षमता बढ़ेगी और भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को भी मजबूती मिलेगी।
इन कंपनियों के साथ हुआ करार
जिन प्रमुख कंपनियों के साथ करार हुआ है, उनमें कुबोता कारपोरेशन, मिंडा कारपोरेशन, जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री, नागासे एंड कंपनी लिमिटेड, सीको एडवांस, ओएंडओ ग्रुप, फूजी जैपनीज जेवी और फूजीसिल्वरटेक कंक्रीट प्रा. लि. शामिल हैं।
कुबोता कारपोरेशन, जिसकी स्थापना वर्ष 1890 में हुई और जिसका मुख्यालय ओसाका में है, कृषि और औद्योगिक मशीनरी निर्माण में वैश्विक पहचान रखती है। कंपनी ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, इंजन और निर्माण उपकरणों के साथ-साथ जल एवं पर्यावरण समाधान जैसे पाइप, पंप और ट्रीटमेंट सिस्टम के क्षेत्र में भी सक्रिय है।
भारत में यह एस्कॉर्ट्स कुबोता लिमिटेड के सहयोग से अपने विनिर्माण विस्तार और फार्म मैकेनाइजेशन को मजबूत कर रही है।
मिंडा कारपोरेशन, जो स्पार्क मिंडा समूह का हिस्सा है, ऑटोमोटिव कंपोनेंट निर्माण में अग्रणी भारतीय कंपनी है। यह मैक्ट्रॉनिक्स, वायरिंग हार्नेस, प्लास्टिक इंटीरियर, सेंसर और ईवी समाधान प्रदान करती है।
एडवांस कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलने की संभावना
वहीं जापान एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री (JAE) ऑटोमोटिव और एयरोस्पेस क्षेत्रों के लिए एडवांस कनेक्टर्स और इलेक्ट्रॉनिक इंटरफेस समाधान में विशेषज्ञता रखती है, जबकि नागासे एंड कंपनी लिमिटेड केमिकल्स, एडवांस्ड मैटेरियल्स, मोबिलिटी सॉल्यूशंस और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में सक्रिय एक विविधीकृत जापानी ट्रेडिंग एवं टेक्नोलॉजी कंपनी है।
इन समझौतों से विशेष रूप से ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलने की संभावना है, जो उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।