योगी सरकार का डबल धमाका: 2.51 लाख किसानों को करोड़ों का मुआवजा, 45 हजार होमगार्ड भर्ती में 'आपदा मित्रों' को तरजीह
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को किसानों और युवाओं के हित में दो बड़े फैसले लिए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.51 लाख किसानों ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Feb 2026 10:07:00 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Feb 2026 10:07:00 PM (IST)
योगी सरकार का डबल धमाकाHighLights
- प्रदेश में इसी वर्ष भर्ती होंगे 45 हजार होमगार्ड्स
- किसानों और युवाओं को सीएम योगी की सौगात
- आपदा मित्रों को मिलेगा पांच लाख रुपये का बीमा
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को किसानों और युवाओं के हित में दो बड़े फैसले लिए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) के तहत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि वितरित की। इसके साथ ही, उन्होंने प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा रास्ता खोलते हुए यूपी में 45,000 होमगार्ड्स की भर्ती में 'आपदा मित्रों' को प्राथमिकता देने का ऐतिहासिक ऐलान किया।
आपदा मित्रों को रोजगार और मानदेय
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में आपदा मित्रों की सेवा स्वैच्छिक है, लेकिन होमगार्ड के रूप में शामिल होने पर उन्हें सरकार की ओर से नियमित मानदेय दिया जाएगा। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अब तक 19,000 आपदा मित्रों को प्रशिक्षित किया है। इसके अलावा, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड जैसे संगठनों के करीब 29,772 युवा स्वयंसेवकों को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा है।
5 लाख का बीमा और किट
प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आपदा मित्रों को तीन वर्ष के लिए 5 लाख रुपये का जीवन एवं चिकित्सा बीमा प्रदान किया गया है। इसके लिए 10 फरवरी को नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के साथ एमओयू (MoU) साइन किया गया। युवाओं को 15 आइटम वाली 'इमरजेंसी रिस्पॉन्डर किट' दी गई है, जिसमें लाइफ जैकेट, सर्च टॉर्च, सेफ्टी हेलमेट और फर्स्ट-एड बॉक्स जैसे उपकरण शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- UP के किसानों को मिला होली गिफ्ट, एक बटन दबाते ही खातों में पहुंचे 460 करोड़ रुपये, बिचौलियों का खेल खत्म
फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर उत्तर प्रदेश आपदा प्रबंधन में 'फर्स्ट रिस्पॉन्डर' तैयार कर रहा है। इसके तहत स्नातक और परास्नातक विद्यार्थियों के लिए दो वर्षीय आपदा प्रबंधन इंटर्नशिप कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। अब तक 2,959 युवा पूरी तरह प्रशिक्षित होकर सेवा के लिए तैयार हैं।