UP में कुट्टू का आटा बना जानलेवा! बागपत ADM समेत 71 लोग बीमार, दो दुकानों के लाइसेंस रद
नवरात्र में कुट्टू के आटे से बने भोजन के सेवन से बागपत समेत कई जिलों में 71 लोग बीमार हो गए। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Mar 2026 02:39:17 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Mar 2026 02:39:17 PM (IST)
बागपत के अस्पताल में ADM (न्यायिक) शिव नारायण का इलाज करते डॉक्टर।HighLights
- बागपत में दो दुकानों के लाइसेंस निरस्त
- कई जिलों में अस्पतालों में भर्ती मरीज
- प्रशासन ने सैंपल लेकर जांच शुरू की
डिजिटल डेस्क: नवरात्र के पहले दिन गुरुवार रात कुट्टू के आटे से बना भोजन कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। बागपत जिले में एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण समेत कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद आसपास के जिलों में भी इसी तरह के मामले सामने आए, जिससे कुल 71 लोग बीमार हो गए।
कई जिलों में मरीजों की संख्या बढ़ी
बागपत में ADM शिव नारायण और उनके फॉलोअर सतीश कश्यप सहित करीब 10 लोग बीमार हुए। इनमें जिला संयुक्त चिकित्सालय के सिक्योरिटी गार्ड नरेशपाल, एक परिवार के छह सदस्य और अमित कुमार शामिल हैं। एडीएम समेत नौ मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, बुलंदशहर में भी बड़ी संख्या में लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए। यहां 39 मरीज अस्पताल पहुंचे, जिनमें से 20 को भर्ती किया गया। बाकी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। शामली में 12 और बिजनौर में 10 लोगों की हालत कुट्टू का आटा खाने के बाद बिगड़ गई। सभी को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सभी मरीज खतरे से बाहर
अस्पतालों में भर्ती सभी मरीजों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से स्थिति नियंत्रण में रही।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
घटना के बाद प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। बागपत में दो दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर उन्हें बंद कराया गया। साथ ही, विभिन्न स्थानों से कुट्टू के आटे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।डीएम के आदेश पर छापेमारी भी की गई, जिसमें संदिग्ध आटा नष्ट कराया गया।
जांच जारी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे खाने-पीने की चीजें खरीदते समय सावधानी बरतें।