जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे सीएम योगी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि में की पूजा-अर्चना, बोले-आस्था मिटाने वाले खुद मिट्टी में मिल गए
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की और जन्मस्थान के गर्भगृह ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 04 Sep 2026 03:38:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 04 Sep 2026 03:41:36 PM (IST)
HighLights
- कहा, सनातन की आस्था को कोई नहीं मिटा पाया
- यही आस्था समाज को आगे बढ़ने की ऊर्जा देती है
- मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की
डिजिटल डेस्क, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की और जन्मस्थान के गर्भगृह में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्षियों पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि सनातन की आस्था को मिटाने का प्रयास करने वाले लोग खुद मिट्टी में मिल गए, लेकिन आस्था आज भी कायम है।
सनातन की आस्था को कोई नहीं मिटा पाया
मुख्यमंत्री ने कहा, मैं पूरे प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देता हूं। 5200 वर्ष पूर्व श्रीकृष्ण ने इसी स्थल पर प्रकट होकर आर्यावर्त में धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना करने का कार्य किया था। अनेक आक्रमण हुए, अनेक लोगों ने अपनी आस्था को भारत पर थोपने का प्रयास किया, लेकिन सनातन की आस्था को कोई नहीं मिटा पाया और जिन्होंने सनातन की आस्था को मिटाने का दुस्साहस किया, वो खुद मिट्टी में मिल गए।
यही आस्था समाज को आगे बढ़ने की ऊर्जा देती है
उन्होंने कहा कि पूरे देश में भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की स्मृति लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भगवान श्रीकृष्ण ने करीब 5200 वर्ष पहले जो उद्घोष किए थे, वे आज के दौर में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। सीएम योगी ने कहा कि यही आस्था समाज को आगे बढ़ने की ऊर्जा देती है और उन्नयन व प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश में भारत की विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय देखने को मिल रहा है।