
डिजिटल डेस्क, आगरा। भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के कुल 23,757 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इसमें ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद शामिल हैं। योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना किसी लिखित परीक्षा या साक्षात्कार के, केवल 10वीं कक्षा के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा।
10वीं बोर्ड परीक्षा में गणित और अंग्रेजी विषय के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी ने 10वीं स्तर तक स्थानीय भाषा की पढ़ाई की हो। कंप्यूटर चलाने और साइकिल चलाने का ज्ञान आवश्यक है। आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। SC/ST उम्मीदवारों को 5 वर्ष, OBC को 3 वर्ष और PwBD वर्ग को 10 वर्ष की छूट मिलेगी (EWS वर्ग के लिए आयु सीमा में कोई छूट नहीं है)।
ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM): शाखा प्रबंधन, पोस्टल और IPPB सेवाओं का संचालन, ग्राहकों को जानकारी देना तथा कार्यालय हेतु स्थल का प्रबंध स्वयं करना।
असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM): डाक टिकट/स्टेशनरी बिक्री, डोर-टू-डोर डिलीवरी, IPPB लेन-देन और BPM की सहायता करना।
डाक सेवक: मेल बैग्स, पार्सल की हैंडलिंग, सॉर्टिंग और डिलीवरी सेंटर तक डाक पहुंचाना।
कार्य अवधि: प्रतिदिन 4 से 5 घंटे सेवा देनी होगी। आवेदक के पास स्वयं और परिवार के निर्वाह के लिए आय का अन्य स्रोत होना भी आवश्यक है।
यह भी पढ़ें- एमपी में अब सरकारी कर्मचारी भी कर सकेंगे एक्स्ट्रा कमाई, बन सकेंगे डाक जीवन बीमा (PLI) के एजेंट
अभ्यर्थियों का चयन केवल 10वीं कक्षा के प्राप्तांकों की मेरिट सूची से होगा। चयन के बाद 15 दिनों के भीतर अभ्यर्थियों को संबंधित मंडल/यूनिट कार्यालय में उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन कराना होगा।