
डिजिटल डेस्क। मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के कुरथल गांव में उधार के रुपये मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांव के ही तीन सगे भाइयों ने युवक को घर से बुलाकर खेत में ले गए और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय अंकित उर्फ भूरा अपने परिवार के साथ खेती-किसानी करता था। शुक्रवार दोपहर गांव निवासी ब्रह्म सिंह उसे घर से अपने साथ ले गया। रास्ते में उसके भाई अरुण और अजय भी साथ हो गए। तीनों आरोपी अंकित को खेतों की ओर ले गए, जहां पहले सभी ने बैठकर शराब पी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अंकित ने ब्रह्म सिंह से अपने उधार दिए हुए रुपये वापस मांगे। रुपये को लेकर कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि ब्रह्म सिंह और उसके दोनों भाइयों ने अंकित पर लोहे की रॉड और हाथों में पहने कड़ों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
खेत में लहूलुहान हालत में पड़े अंकित को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थिति को शांत कराया
घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने शव को मेरठ-करनाल हाईवे के कुरथल संपर्क मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
मृतक के ताऊ कंवल सिंह की तहरीर पर ब्रह्म सिंह, अरुण और अजय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ब्रह्म सिंह पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें- राजा भोज एयरपोर्ट पर सुरक्षित टेकऑफ-लैंडिंग के लिए रनवे की नई मार्किंग, आसपास के हिस्सों से हटाया जा रहा कचरा