राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का वृंदावन दौरा, सज रहा शहर, गोवर्धन हाई अलर्ट पर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित वृंदावन दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तीन दिवसीय धार्मिक प्रवास के तहत राष्ट्रपति गुरुवार श ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 18 Mar 2026 04:53:01 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Mar 2026 04:54:19 PM (IST)
HighLights
- सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
- वृंदावन से धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगी
- गोवर्धन में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
डिजिटल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित वृंदावन दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तीन दिवसीय धार्मिक प्रवास के तहत राष्ट्रपति गुरुवार शाम लगभग 5 बजे वृंदावन पहुंचेंगी। उनके स्वागत को लेकर शहर में व्यापक स्तर पर सजावट और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
राष्ट्रपति के आगमन के बाद वे होटल रेडिसन में ठहरेंगी और शाम करीब 6:30 बजे इस्कॉन मंदिर, वृंदावन से अपने धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगी। इसके बाद उनके प्रेम मंदिर, नीब करौरी आश्रम, उड़िया बाबा आश्रम और रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में दर्शन करने का कार्यक्रम निर्धारित है।
सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहर में विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया है। प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई के साथ दीवारों पर रंग-रोगन और आकर्षक चित्रकारी की जा रही है। डिवाइडरों को नया रूप दिया जा रहा है, वहीं जर्जर फुटपाथों की मरम्मत कर नई टाइलें बिछाई जा रही हैं।
तैयारियों का लगातार निरीक्षण
प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। मंगलवार को मंडलायुक्त, एडीजी, डीआईजी, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
गोवर्धन में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
राष्ट्रपति के संभावित गोवर्धन दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। दानघाटी मंदिर सहित प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रवास के अंतिम दिन राष्ट्रपति गिरिराज जी की सात कोसीय परिक्रमा करेंगी, जिसके साथ उनका यह दौरा संपन्न होगा।