
एजेंसी, हापुड़। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाने, आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने और विभागीय गतिविधियों को साझा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
मुख्यालय से जारी आदेश के बाद हापुड़ जिले में भी पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान शुरू कर दी। ऐसे पुलिसकर्मियों पर विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से मिले आदेश भी के बाद कई सेवारत और प्रशिक्षु पुलिसकर्मी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वर्दी में रील और वीडियो बनाकर पोस्ट कर रहे हैं। कई मामलों में आपत्तिजनक सामग्री और अनुशासनहीनता भी देखने को मिली है। इससे विभाग की छवि खराब हो रही है। सरकारी कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।
मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2023 में जारी सोशल मीडिया पॉलिसी का हर हाल में पालन कराया जाएगा। इसके तहत कोई भी पुलिसकर्मी बिना अनुमति ड्यूटी से जुड़े वीडियो, सरकारी जानकारी या विभागीय गतिविधियों को सोशल मीडिया पर साझा नहीं कर सकेगा। वर्दी में बनाई गई अशोभनीय रील और अनुशासनहीनता दर्शाने वाली पोस्ट पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की मासिक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाए। संबंधित पोस्ट और उनके यूआरएल भी रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रखे जाएंगे।