तेरहवीं के बाद घर लौटा 'मृत' युवक, नहर में मिला शव आखिर किसका था? पुलिस भी उलझी रहस्यमयी मामले में
गाजियाबाद में मृत मानकर अंतिम संस्कार किए गए गिरधर बिष्ट के जिंदा लौटने से सनसनी फैल गई। अब पुलिस नहर से मिले शव की वास्तविक पहचान और पूरे घटनाक्रम की...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 25 Jun 2026 02:14:15 PM (IST)Updated Date: Thu, 25 Jun 2026 02:14:15 PM (IST)
घर लौट आया गिरधर बिष्ट। (जागरण)HighLights
- मृत घोषित गिरधर बिष्ट अचानक जिंदा घर वापस लौटा।
- नहर से मिले शव की पहचान पर सवाल खड़े।
- शव का दो बार पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार हुआ।
डिजिटल डेस्क। गाजियाबाद के कौशांबी क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों को हैरत में डाल दिया है। जिस व्यक्ति को परिवार ने मृत मान लिया था, दो बार पोस्टमॉर्टम करवा दिया था, अंतिम संस्कार कर दिया था और जिसकी तेरहवीं तक हो चुकी थी, वह अचानक जिंदा घर लौट आया।
गिरधर बिष्ट की वापसी के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर मसूरी नहर से मिला वह शव किसका था, जिसकी पहचान गिरधर के रूप में की गई थी।
जेल से रिहाई के बाद हुआ था लापता
कौशांबी क्षेत्र की कल्पना सोसायटी में अपनी मां के साथ रहने वाले गिरधर बिष्ट को पुलिस ने 17 मई को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 21 मई को निजी मुचलके पर उनकी रिहाई का आदेश जारी हुआ। जेल से बाहर आने के बाद गिरधर अचानक गायब हो गया। परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई। उनकी तलाश शुरू हुई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
नहर में मिला शव
- करीब तीन सप्ताह बाद 12 जून को मसूरी नहर से एक शव बरामद हुआ। परिजनों ने उसे गिरधर बिष्ट का शव बताते हुए पहचान की। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया।
- हालांकि परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस पर दबाव बनाया, जिसके बाद शव का चिकित्सकों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मसूरी थाने में सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा भी दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु ट्रिपल मर्डर केस में बेटी निकली कातिल, लिव-इन-रिलेशनशिप का विरोध करने पर मां-पिता और बहन को चाकू से काटा
अचानक घर लौट आया गिरधर
- मामले ने तब अप्रत्याशित मोड़ ले लिया जब गिरधर बिष्ट अचानक जिंदा घर वापस लौट आया। उसकी वापसी की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी उसके घर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।
- गिरधर के लौटने के बाद अब जांच एजेंसियों के सामने कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नहर में मिला शव आखिर किसका था, जिसका दो बार पोस्टमार्टम हुआ और बाद में अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
![naidunia_image]()
अब पुलिस के सामने नई चुनौती
- पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरधर मानसिक रूप से कमजोर बताया जाता है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इतने दिनों तक कहां रहा और किन परिस्थितियों में घर से दूर था।
- उधर, पुलिस अब उस अज्ञात शव की पहचान करने की कोशिश में जुट गई है। इलाके में भी इस घटना को लेकर जबरदस्त चर्चा है। लोग हैरान हैं कि जिस व्यक्ति की मौत पर शोक मनाया गया, उसकी तेरहवीं हुई, वह आखिर जिंदा कैसे लौट आया और फिर नहर से मिला शव किसका था। यह रहस्य फिलहाल जांच का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है।