
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में साइप्रस के झंडे वाले कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हमला हुआ है। इस हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिससे चालक दल के सदस्यों को जहाज छोड़ना पड़ा। घटना के बाद एक भारतीय नागरिक लापता हो गया है, जिसकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू अभियान जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक सवार थे। भारतीय सरकार ने पुष्टि की है कि इनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
घटना को लेकर विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए हमले की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने कहा, "हम आज सुबह ओमान के तट पर कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से अब तक 10 को बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक लापता बताया जा रहा है।"
विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि ओमान में स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और चल रहे सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। भारत ने इस अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में तनाव तुरंत कम किया जाना चाहिए और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी प्रयासों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि इस इलाके में शांति और स्थिरता बहाल हो सके।
भारत ने यह भी कहा कि कमर्शियल शिपिंग और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में बिना किसी बाधा के नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द सामान्य किया जाना आवश्यक है।